लम्पी स्किन डिजीज की आशंका के बीच एहतियाती कदम, टीकाकरण और निगरानी तेज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
02 सितम्बर 2026, बागेश्वर: प्रदेश में उधम सिंह नगर और नैनीताल में पशुओं में लम्पी डिजीज जैसे लक्षण सामने आने के बाद बागेश्वर जिले में भी जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग द्वारा एहतियाती उपाय तेज किए गए हैं। बीमारी की रोकथाम के लिए जिले में व्यापक स्तर पर टीकाकरण व निगरानी की जा रही है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. केके जोशी ने बताया कि जिले में अब तक 52,234 गोवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बागेश्वर में किसी भी पशु में लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण नहीं पाए गए हैं। पशुपालकों को बीमारी के लक्षण, बचाव एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में लगातार जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि लम्पी स्किन डिजीज होने पर पशुओं के शरीर पर दाने, गांठें व सूजन जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। यह रोग मुख्यतः मच्छर, मक्खी तथा अन्य काटने वाले कीटों के माध्यम से फैल सकता है।
उन्होंने पशुपालकों से पशुओं के रहने वाले स्थानों की नियमित साफ-सफाई रखने, आसपास धुआं करने और किलनी सहित अन्य बाह्य परजीवियों के नियंत्रण के लिए पशु चिकित्सकों की सलाह से आवश्यक दवाओं का प्रयोग करने की अपील की। जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग की ओर से स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।