राजनीति

लंदन उपचुनाव में Labour Party की सगल अब्दी-वाली जीतीं, Green Party नेता जैक पोलांस्की हारे

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 10 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
लंदन उपचुनाव में Labour Party की सगल अब्दी-वाली जीतीं, Green Party नेता जैक पोलांस्की हारे

लंदन, नौ अक्टूबर (एपी) लंदन में शुक्रवार को हुए एक विशेष चुनाव में ब्रिटेन की सत्ताधारी लेबर पार्टी को विजेता घोषित किया गया। इस नतीजे से तेजी से लोकप्रिय हो रही ग्रीन पार्टी के नेता जैक पोलांस्की को झटका लगा है। पोलांस्की को पार्टी के ‘यहूदी राष्ट्रवाद’ विरोधी रुख को लेकर हो रही आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

साथ ही इस बात पर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या वह ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ (ब्रिटिश संसद का निचला सदन) का सदस्य बने बिना पार्टी का नेतृत्व जारी रख सकते हैं। लेबर पार्टी की उम्मीदवार सगल अब्दी-वाली ने होलबोर्न और सेंट पैनक्रस निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में जीत दर्ज की और उन्हें 12,292 मत मिले, जोकि कुल मतों का 45 प्रतिशत है।

यह सीट पूर्व प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। ग्रीन पार्टी के नेता जैक पोलांस्की को 8,928 वोट मिले, जो कुल मतों का लगभग 33 प्रतिशत है। सोमालिया से बचपन में शरणार्थी के रूप में ब्रिटेन आईं अब्दी-वाली ने नतीजे घोषित होने के बाद कहा कि वह ऐसे क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का अवसर पाकर सम्मानित महसूस कर रही हैं, जिसने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के अवसर दिए।

स्थानीय निकाय ‘कैमडेन काउंसिल’ की नेता अब्दी-वाली ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि यह जीत यह भी प्रदर्शित करती है कि कौन यहां का हिस्सा बन सकता है। मेरे जैसे दिखने वाले लोगों को इसमें अपनी झलक दिखनी चाहिए और उन्हें महसूस होना चाहिए कि उनके लिए भी यहां आगे बढ़ने के समान अवसर हैं। ” पोलांस्की के नेतृत्व में ग्रीन पार्टी का तेजी से विस्तार हुआ है।

पार्टी ने खुद को वाम-उदारवादी मतदाताओं के लिए लेबर पार्टी के विकल्प के रूप में पेश किया है। पिछले साल एक उपचुनाव में लेबर पार्टी को हराने के बाद उसे और गति मिली थी। हालांकि, पार्टी के कुछ सदस्यों का मानना है कि वह पर्यावरण संरक्षण के अपने मूल मुद्दे से भटक गई है। पोलांस्की के चुनाव प्रचार पर इस महीने की शुरुआत में ग्रीन पार्टी के उस फैसले का असर भी पड़ा, जिसमें जायोनिज्म को नस्लवाद का एक रूप बताया गया था।

जायोनिज्म यहूदी राष्ट्र की स्थापना का राजनीतिक आंदोलन है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।