लाठी-डंडों से शराब दुकान में रखीं बोतलें फोड़ीं: गाली-गलौज करने का भी आरोप; शिवपुरी के प्रदर्शन को उमा भारती का समर्थन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के कुटवारा गांव में गुरुवार को तोड़फोड़ और शराब की बोतलें फोड़ने की घटना सामने आई। यह घटना शराब दुकानों के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों के बीच हुई। सेल्समैन की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में महिलाएं भी शामिल हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी शुक्रवार रात शिवपुरी में शराब के खिलाफ प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इन महिलाओं का हम सभी लोग पूरा समर्थन करें।
15-20 लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे थे
शराब दुकान के सेल्समैन बल्लू शिवहरे ने बताया कि 11 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे वह मनोज शिवहरे के साथ कुटवारा स्थित दुकान पर बैठे थे। तभी 15-20 महिला-पुरुष लाठी-डंडे लेकर दुकान पर पहुंचे।
उन्होंने शराब की दुकान बंद कराने की बात कहते हुए गाली-गलौज की। प्रदर्शनकारी दुकान के अंदर घुस गए और वहां रखी शराब की पेटियां बाहर फेंकने लगे। आरोप है कि उन्होंने शराब की कांच की बोतलों को जमीन पर पटककर तोड़ दिया।
सेल्समैन और उसके साथी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। सेल्समैन के अनुसार, दुकान में देशी और अंग्रेजी शराब के साथ बीयर की बड़ी मात्रा में पेटियां रखी थीं।
पेटियां तोड़कर नष्ट कर दी शराब आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने शराब की पेटियों को तोड़कर शराब नष्ट कर दी। इससे ठेकेदार को करीब 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिवपुरी जिले में पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग इलाकों में शराब दुकानों के विरोध में महिलाओं और ग्रामीणों के प्रदर्शन लगातार सामने आ रहे हैं।