लव ट्रायंगल में प्रेमिका की हत्या, फिर दूसरे को फंसाने की कोशिश, उम्रकैद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भास्कर न्यूज | कोरबा परिवार में शादी की बातचीत चलने के बीच प्रेमिका के किसी अन्य युवक से संबंध होने की जानकारी मिलते ही पहले प्रेमी ने उसके घर पहुंचकर गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने और दूसरे प्रेमी को फंसाने के लिए एक सोची-समझी साजिश भी रची, लेकिन कानून के शिकंजे से बच नहीं सका।
करीब 2 साल पुराने इस चर्चित हत्याकांड पर फैसला सुनाते हुए तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार नन्दे की अदालत ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन अधिकारी राजेंद्र साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि सनसनीखेज घटना 25 नवंबर 2024 को उरगा थाना क्षेत्र के सिलयारीभाठा गांव में हुई थी।
गांव की निवासी मृतका पूजा का सक्ती जिले के आमापाली निवासी 25 वर्षीय पिन्टू उर्फ लोकेश उर्फ लोकेश्वर पटेल के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के परिवारों को इस रिश्ते की भनक थी और उनके बीच विवाह की औपचारिक बातचीत भी जारी थी। यहां तक कि वारदात से महज दो दिन पहले ही आरोपी ने युवती के लिए प्यार के प्रतीक के तौर पर चांदी की चेन भी खरीदी थी।
घटना वाले दिन युवती को घर पर बिल्कुल अकेला पाकर आरोपी उससे मिलने पहुंचा था। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने। बातचीत के दौरान आरोपी को भनक लगी कि युवती का किसी अन्य युवक से भी प्रेम संबंध है। इस बात का कड़ा विरोध करने पर दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद हो गया। गुस्साए आरोपी ने गाली-गलौज व मारपीट करते हुए गमछे से युवती का मुंह और गला कसकर दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने बेहद चालाकी से युवती के दूसरे प्रेमी का नाम लिखा एक फर्जी पत्र मौके पर छोड़ दिया, ताकि जांच की दिशा भटक जाए। हालांकि, उरगा पुलिस की वैज्ञानिक जांच, साक्ष्यों के संकलन और कड़ाई से पूछताछ के आगे आरोपी की यह साजिश बेनकाब हो गई। अदालत ने अभियोजन के ठोस साक्ष्यों के आधार पर दोष सिद्ध पाते हुए आरोपी पिन्टू पटेल को उम्रकैद की सजा सुनाई।
📡 स्रोत: NewsData.io