अपराध

लिफ्ट के बहाने प्रोफेसर से लूट का पर्दाफाश

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 29 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
लिफ्ट के बहाने प्रोफेसर से लूट का पर्दाफाश

दो आरोपी गिरफ्तार, लूटी मोटरसाइकिल, लैपटॉप और मोबाइल समेत 5 अन्य मोबाइल बरामद

भोपाल/सूखीसेवनिया। सूखीसेवनिया पुलिस ने लिफ्ट मांगकर प्रोफेसर से लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, लैपटॉप और मोबाइल फोन के अलावा पांच अन्य मोबाइल भी बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 3 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे डॉ. हेमराज जाटव मोटरसाइकिल से जा रहे थे। भारत पेट्रोल पंप के पास दो युवकों ने उनसे लिफ्ट मांगी। इंसानियत के नाते डॉ. जाटव ने दोनों को मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। आरोपियों ने मोटरसाइकिल खुद चलाने की बात कहकर उन्हें बीच में बैठा लिया और भानपुर चौराहे से होते हुए कोकता की तरफ एक सुनसान इलाके में ले गए।

सुनसान जगह पहुंचते ही आरोपियों ने डॉ. जाटव के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की और उनकी होंडा साइन मोटरसाइकिल, HP लैपटॉप और रियलमी मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। शिकायत के बाद सूखीसेवनिया थाने में अपराध क्रमांक 234/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

पुलिस अधीक्षक भोपाल देहात पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद सोनकर के मार्गदर्शन और एसडीओपी बिलखिरिया अन्तिमा समाधिया के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने आरोपियों की पतारसी के लिए मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया।

जांच के दौरान संदेह के आधार पर शैलेन्द्र उर्फ इल्लू मीना और अमन मीना को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर शराब के नशे में राहगीरों को लिफ्ट के बहाने निशाना बनाने और लूट की वारदात करने की बात स्वीकार की।

आरोपियों की निशानदेही पर फरियादी की लूटी हुई मोटरसाइकिल, HP कंपनी का लैपटॉप और रियलमी मोबाइल बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से पांच अन्य मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिनके संबंध में पुलिस द्वारा तस्दीक की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

शैलेन्द्र उर्फ इल्लू मीना, पिता कमल प्रसाद मीना, उम्र 22 वर्ष, निवासी पुराना शिव नगर, चौकी आनंद नगर, थाना पिपलानी, भोपाल।

अमन मीना, पिता प्रेमनारायण मीना, उम्र 19 वर्ष, निवासी पुराना शिव नगर, चौकी आनंद नगर, थाना पिपलानी, भोपाल।

जब्त मशरूका

  • 01 होंडा साइन मोटरसाइकिल
  • 01 HP कंपनी का लैपटॉप
  • 01 रियलमी मोबाइल फोन
  • 05 अन्य मोबाइल फोन
  • कुल अनुमानित कीमत करीब ₹3.10 लाख

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी अरुण शर्मा, उनि. आर.सी. मीना, प्रआर. खेमेन्द्र सोलंकी, आर. योगेश भावसार, आर. नरोत्तम लोधी, प्रआर. हेमराज सिंह, आर. रवि सिंह, आर. समित एवं आर. गजानंद की अहम और सराहनीय भूमिका रही।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।