देश

LOC के उस पार जाकर हमारे वीर जवानों ने जिस तरह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की थी, वो देख दुनिया हैरान थी : पीएम मोदी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
LOC के उस पार जाकर हमारे वीर जवानों ने जिस तरह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की थी, वो देख दुनिया हैरान थी : पीएम मोदी

Date- 27 September 2026

मन की बात की 138वीं कड़ी में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ ने आतंकवाद से निपटने की भारत की नीति का एक नया साहसिक उदाहरण पूरी दुनिया के सामने पेश किया।

मन की बात कार्यक्रम में अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा, “‘मन की बात’ में हम देशवासियों के सकारात्मक प्रयासों को मंच देते हैं। देश की उपलब्धियों की बात करते हैं। भारत की ऐसी ही एक बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि को एक दिन बाद 10 साल होने जा रहे हैं। ये उपलब्धि है सर्जिकल स्ट्राइक (Surgical Strike) की। दस वर्ष पहले 28-29 सितंबर, 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर Surgical Strike की थी। LOC के उस पार जाकर हमारे वीर जवानों ने जिस तरह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की थी, वो देख दुनिया हैरान थी।”

प्रधानमंत्री ने कहा, सर्जिकल स्ट्राइक (Surgical Strike) ने डंके की चोट पर पूरी दुनिया के सामने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया था। आतंकवादी हमलों के कारण भारत ने लंबे समय तक, जो दर्द झेला था, ‘Surgical Strike’ उस कष्ट के खिलाफ हमारी निर्णायक प्रतिक्रिया थी।”

उन्होंने कहा, “बीते एक दशक में, बालाकोट की Air Strike से लेकर ‘Operation सिंदूर’ तक भारत ने बार-बार ये स्पष्ट संदेश दिया है कि अगर आतंकवादी भारत पर आंख उठायेंगे, तो उसका करारा जवाब दिया जाएगा।”

पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवादी हमलों ने भारत को लंबे समय तक चोट पहुंचाई है। एक समय था जब भारत में Serial Blast होना बहुत सामान्य बात हो गई थी। सितंबर के इस महीने में यानि 13 सितंबर, 2008 को दिल्ली में हुए Serial Blast में अनेक निर्दोष लोग मारे गए थे। इसके कुछ सप्ताह बाद ही मुंबई में 26/11 का इतना बड़ा हमला हुआ था। उन्होंने आगे कहा, पहले भी हर आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान पर कार्रवाई की मांग होती थी, लेकिन, उस पर उतना ध्यान नहीं दिया जाता था। समय बीतने का इंतजार किया जाता था। अब आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ Zero-tolerance Policy लेकर चल रहा है, इसके नतीजे भी देख रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस साल 9/11 के आतंकी हमले को भी 25 वर्ष हुए हैं। अमेरिका के World Trade Centre में जिन निर्दोष लोगों ने अपना जीवन खोया था, उनमें अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा लोग भारत के थे।”

उन्होंने बताया कि 2014 में PM बनने के बाद जब मैं अमेरिका गया था, तो न्यूयार्क में, मैं इन निर्दोष नागरिकों को अपनी श्रद्धांजली देने पहुंच गया था। पीएम मोदी ने आज एक बार फिर भारत के करोड़ों नागरिकों की ओर से अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए आतंकी हमले में पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की ।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।