लोडिंग वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत:बाइक पर चार युवक सवार थे, दो गंभीर ग्वालियर रेफर; चालक मौके से फरार
टीकमगढ़-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिगौड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम बाइक और लोडिंग वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक युवक को मामूली चोट आई है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
हादसा दिगौड़ा कस्बे में पेट्रोल पंप के पास हुआ। बाइक पर चार युवक सवार होकर धर्मपुरा से बछौड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार लोडिंग टैक्सी ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे।
मौके पर युवक की मौत, दो गंभीर हादसे में बछौड़ा निवासी अभिषेक घोष (21) की मौके पर ही मौत हो गई। जितेंद्र उर्फ छोटू घोष (18) और धर्मपुरा निवासी आर्यन घोष (10) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया। बाइक पर सवार अक्षय घोष (8) को मामूली चोट आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बाइक पर चार युवक सवार थे। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की चेकिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलते ही दिगौड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लोडिंग वाहन चालक मौके से फरार परिजनों के मुताबिक सामने से आ रही लोडिंग टैक्सी की रफ्तार तेज थी।
टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन विघा गांव निवासी राहुल लोधी का बताया जा रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त लोडिंग टैक्सी और बाइक को कब्जे में ले लिया है। पिता की मौत के बाद भाई चला रहे थे परिवार मृतक अभिषेक और उसका छोटा भाई गरीब परिवार से थे। पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
दोनों भाई बाहर एक कंपनी में काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे में अभिषेक की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दिगौड़ा पुलिस ने दुर्घटना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार लोडिंग वाहन चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io