देश

लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता: संजय अवस्थी

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 19 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

10 लाख रुपए से निर्मित हिम ईरा कैंटीन व कैफे भवन तथा ज्ञान सदन पुस्तकालय का किया लोकार्पण अगस्त 19, सोलन (हिमाचल प्रदेश): अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक सभी मूलभूत सुविधाओं को पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के खण्ड विकास कार्यालय कुनिहार में 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित हिम-ईरा कैंटीन एवं कैफे भवन व ‘ज्ञान सदन’ पुस्तकालय का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।

संजय अवस्थी ने कहा कि हिम-ईरा कैंटीन एवं कैफे सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उत्पादों और स्वरोज़गार को प्रोत्साहन देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूती मिलेगी।

विधायक ने कहा कि ‘ज्ञान कुंज’ पुस्तकालय के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा एवं परीक्षाओं की तैयारी के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाना समय की आवश्यकता है।

संजय अवस्थी ने तदोपरांत सामुदायिक भवन कुनिहार में विकास खण्ड कार्यालय कुनिहार द्वारा आयोजित ‘पंच सम्मेलन’ समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिक आवश्यकताओं को चिन्हित कर विकास कार्यों को गति देने का आग्रह किया।

विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना, युवाओं एवं विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना तथा ग्राम पंचायतों के माध्यम से विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित बनाएं। संजय अवस्थी ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि ग्राम पंचायत का विकास पर ही राज्य व ज़िला का विकास निर्भर करता है।

सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों का अहम योगदान होता है। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को ईमानदारी, निष्ठा व सेवा भाव से कार्य करने की सलाह दी।

सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं तथा विभिन्न विकासात्मक कार्यों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनीं।

उन्होंने लोगों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।