विदेश

लोक रंगों के साथ रणथंभौर पर्यटन सत्र शुरू

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
लोक रंगों के साथ रणथंभौर पर्यटन सत्र शुरू

तीन महीने के अंतराल के बाद रणथंभौर नेशनल पार्क का नया पर्यटन सत्र शुरू हो गया। गणेश धाम पर देशी-विदेशी पर्यटकों का राजस्थानी अंदाज में स्वागत हुआ, पहले दिन ही बड़ी संख्या में पर्यटक सफारी के लिए पहुंचे।

सवाई माधोपुर, 1 अक्टूबर। तीन महीने के अंतराल के बाद रणथंभौर नेशनल पार्क के द्वार आज पर्यटकों के लिए खोल दिए गए। नए पर्यटन सत्र के पहले दिन गणेश धाम स्थित मुख्य प्रवेश द्वार पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। वन विभाग की ओर से देशी-विदेशी पर्यटकों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया।

मुख्य प्रवेश द्वार पर आकर्षक रंगोली सजाई गई, वहीं लोक कलाकारों ने राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुतियां देकर पर्यटकों का स्वागत किया। गाजे-बाजे और लोक संगीत के बीच पर्यटक वाहनों को रणथंभौर नेशनल पार्क की सफारी के लिए रवाना किया गया।

पर्यटन सत्र के शुभारंभ के अवसर पर जिला कलेक्टर कानाराम, मुख्य वन संरक्षक शारदा प्रताप सिंह, उपवन संरक्षक मानस सिंह और उपवन संरक्षक पर्यटन संजीव शर्मा ने पर्यटक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अधिकारियों ने पर्यटकों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया और उन्हें रणथंभौर भ्रमण के लिए शुभकामनाएं दीं।

तीन महीने बाद खुले रणथंभौर को लेकर पर्यटकों में खासा उत्साह नजर आया। पहले ही दिन सैकड़ों देशी-विदेशी पर्यटक जंगल की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों को करीब से देखने के लिए पहुंचे। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी पहली पारी में रणथंभौर भ्रमण के लिए पहुंचे।

मुख्य वन संरक्षक शारदा प्रताप सिंह और जिला कलेक्टर कानाराम ने कहा कि इस बार पर्यटकों में रणथंभौर घूमने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अधिकारियों ने पर्यटन सत्र के दौरान पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही वन क्षेत्र में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जंगल की हरियाली, प्राकृतिक सौंदर्य और बाघ सहित अन्य वन्यजीवों के दीदार की उम्मीद लेकर पहुंचे पर्यटक खासे उत्साहित नजर आए। पहले ही दिन पर्यटकों की बड़ी संख्या ने रणथंभौर के नए पर्यटन सत्र के शानदार आगाज की तस्वीर पेश की।

बाईट-1- मानस सिंह, डीएफओ रणथंभौर बाईट-2- कानाराम, कलेक्टर सवाई माधोपुर

बाईट-3- होटल व्यवसायी, आलोक अवस्थी

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।