राजनीति

लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी का ‘मिशन 2028’, लोकसभा-विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने का फैसला

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी का ‘मिशन 2028’, लोकसभा-विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने का फैसला

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर मंथन, चार प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

भोपाल, 26 सितंबर 2026। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी ने वर्ष 2028 को ध्यान में रखते हुए देशभर में संगठन के विस्तार और आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया। बैठक में संगठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा स्थानीय स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक का शुभारंभ महात्मा गांधी, डॉ. राममनोहर लोहिया और जननायक कर्पूरी ठाकुर के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ। विभिन्न राज्यों से पहुंचे राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की आगामी दिशा, विस्तार तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

पार्टी के संरक्षक एवं मुखिया रघु ठाकुर ने बैठक में ‘मिशन 2028’ की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि पार्टी 2028 को ध्यान में रखते हुए विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करेगी और आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। इसके लिए जिला एवं स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

बैठक में मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों में संगठन को मजबूत करने तथा छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में पहले से कार्यरत जिला इकाइयों के साथ नए जिलों में भी संगठनात्मक इकाइयां गठित करने की दिशा में काम करने का निर्णय लिया गया। आगामी नगर निगम, नगर निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर भी संगठनात्मक तैयारियों तथा चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई।

दो युवा पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में दो युवा साथियों को संगठन में नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मुरैना जिले के शशांक डंडोतिया को पहली बार जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कुरदा के सरपंच नरसिंह साहू को छत्तीसगढ़ प्रदेश का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया। उनसे संगठन को मजबूत करने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए कार्य करने की अपेक्षा जताई गई।

विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने रखे विचार

बैठक में विभिन्न प्रदेशों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। पार्टी की ओर से किए जा रहे कार्यों, संगठन विस्तार और आगामी चुनावों में सक्रिय भूमिका को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

चार प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जनसरोकारों से जुड़े चार प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पहले प्रस्ताव में चिकित्सा को नागरिकों का मूल अधिकार बनाने और सरकारी चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई। पार्टी ने कहा कि आर्थिक स्थिति के कारण किसी व्यक्ति को इलाज से वंचित नहीं होना चाहिए।

दूसरे प्रस्ताव में महाराष्ट्र में गैर-मराठी भाषियों से मराठी भाषा के ज्ञान का प्रमाणपत्र मांगे जाने की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की गई। पार्टी ने इसे भाषाई समानता और देश की बहुभाषी संस्कृति से जुड़ा विषय बताया।

तीसरे प्रस्ताव में सरकारी और गैर-सरकारी व्यवस्थाओं में उत्तरदायित्व तय करने के लिए कानून बनाने की मांग की गई। प्रस्ताव के अनुसार अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों की जिम्मेदारी और कार्य की समय-सीमा निर्धारित की जानी चाहिए तथा निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

चौथे प्रस्ताव में जनसंख्या नियंत्रण को लेकर जाति, पंथ और धर्म से ऊपर उठकर समान नीति और कानून बनाने की आवश्यकता व्यक्त की गई। पार्टी ने परिवार नियोजन को प्रोत्साहित करने के लिए सरकारी सुविधाओं को परिवार नियोजन अपनाने वाले परिवारों से जोड़ने की नीति की मांग की।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष शंभू दयाल बघेल, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश चंद्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम सुंदर यादव, उपाध्यक्ष मदन जैन, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण प्रताप सिंह, जयंत सिंह तोमर, मध्य प्रदेश अध्यक्ष विंदेश्वरी पटेल, अनूप सिंह, हरपाल सिंह, पुष्पेन्द्र सिंह, धीरेंद्र, जावेद उस्मानी, फेकन सिंह, मुन्ना भाई पासवान, भरत सराठे, निसार कुरैशी, राम चंद्र क्षत्रि, अशगर खान, धर्मेन्द्र, हेमंत सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के समापन पर पार्टी संगठन को देशभर में मजबूत करने, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने और ‘मिशन 2028’ के तहत चरणबद्ध तरीके से संगठनात्मक तैयारियां शुरू करने पर जोर दिया गया।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी ने 2028 को लक्ष्य बनाकर लोकसभा और विधानसभा चुनावों में प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है। यह कदम पार्टी के संगठन को मजबूत करने और नई पंक्तियों को जोड़ने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दर्शाती है कि पार्टी अपने चुनावी दायरे को बढ़ाने के लिए सक्रिय कदम उठा रही है, जिससे राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव आ सकता है। आम जनता पर इसका असर चुनावी विकल्पों में वृद्धि और नीति-निर्माण में अधिक समावेशी आवाज़ों के रूप में महसूस हो सकता है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।