मध्य प्रदेश जेल विभाग एवं राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गुजरात के बीच समझौता

भोपाल। प्रदेश की जेलों में निरुद्ध मानसिक रूप से बीमार एवं तनावग्रस्त बंदियों के मानसिक सुधार और काउंसलिंग के लिए मध्य प्रदेश जेल विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी दिशा में जेल महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर की विशेष पहल पर मध्य प्रदेश जेल विभाग और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गुजरात के बीच ज्ञापन समझौता (MOU) किया गया।
मानसिक रूप से तनावग्रस्त बंदियों के लिए विशेष पहल
जेल महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने प्रदेश की जेलों में निरुद्ध मानसिक रूप से बीमार एवं तनावग्रस्त बंदियों के मानसिक सुधार के संबंध में विशेष रुचि लेते हुए राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गुजरात द्वारा संचालित साइको सोशल काउंसलिंग योजना का अध्ययन किया और योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU) के विषय विशेषज्ञों को क्षेत्रीय जेल प्रबंधन एवं शोध संस्थान, भोपाल आमंत्रित किया गया। यहां 06 जुलाई से 12 जुलाई तक सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश की विभिन्न जेलों के 28 अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
इनमें मेलनर्स, फार्मासिस्ट, लेब टेक्नीशियन, मुख्य प्रहरी एवं प्रहरी शामिल रहे।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद इन कर्मियों द्वारा जेलों में जाकर मानसिक तनावग्रस्त बंदियों की काउंसलिंग की गई। जेल महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर द्वारा बंदियों के मानसिक सुधार के संबंध में फीडबैक भी लिया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए।
मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे
प्रशिक्षण के सकारात्मक परिणामों के बाद डॉ. वरुण कपूर द्वारा राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के अधिकारियों से संपर्क कर MOU का मसौदा तैयार किया गया। इसके बाद विश्वविद्यालय के अधिकारियों को जेल मुख्यालय भोपाल आमंत्रित किया गया।
आज दिनांक 20 अगस्त को मध्य प्रदेश जेल विभाग एवं राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी के मध्य ज्ञापन समझौता (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत जेल विभाग द्वारा चुने गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मास्टर ट्रेनर कोर्स करने के लिए राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी, गांधीनगर, गुजरात भेजा जाएगा।
वहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये अधिकारी एवं कर्मचारी जेल विभाग के अन्य कर्मियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
केंद्रीय जेल भोपाल से होगी शुरुआत
इस पहल को प्रारंभ करते हुए जेल विभाग का पहला साइको सोशल काउंसलिंग सेंटर केंद्रीय जेल भोपाल में स्थापित किया जाएगा। इसके बाद इस कार्ययोजना को प्रदेश की अन्य जेलों में भी लागू किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य जेलों में निरुद्ध मानसिक रूप से बीमार एवं तनावग्रस्त बंदियों को बेहतर साइको सोशल काउंसलिंग उपलब्ध कराना और उनके मानसिक सुधार की दिशा में व्यवस्थित रूप से काम करना है।
कार्यक्रम में अधिकारी रहे मौजूद
जेल मुख्यालय भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक, जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, डॉ. वरुण कपूर, विशेष महानिदेशक श्री जी. अखेतो सेमा एवं जेल विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी, गांधीनगर, गुजरात की ओर से डॉ. नूरिन चौधरी (एक्टिंग डायरेक्टर), डॉ. गीतेश कुमार सिंह (प्रोजेक्ट डायरेक्टर), श्री प्रदीप रूसिया (असिस्टेंट डायरेक्टर), तनु पी. चंदेल और श्री शुभम जैन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में जेल उप महानिरीक्षक (कल्याण) श्री एम.आर. पटेल द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पधारे मीडिया कर्मियों का सादर आभार व्यक्त किया गया।