मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, विकसित और आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने का किया आह्वान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 31 अक्टूबर। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश जनता को मध्यप्रदेश की विशिष्ट पहचान बताते हुए सभी नागरिकों से समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने बीते वर्षों में कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। इन क्षेत्रों में निरंतर हो रहे प्रयास प्रदेश को विकास की नई दिशा और गति प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास एवं जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और हर नागरिक को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं मिलें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। स्थापना दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासी प्रदेश की एकता, समृद्धि और विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा विकसित, आत्मनिर्भर और खुशहाल मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लें। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।