राज्य

मध्यप्रदेश बना निवेशकों की पहली पसंद, CM यादव ने बताई औद्योगिक विकास की ताकत

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 18 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

मध्यप्रदेश को निवेश के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिलने का दावा किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश-दुनिया के निवेशकों का भरोसा जीतते हुए निवेशकों के सर्वाधिक पसंदीदा डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ उद्योग निवेश संवर्धन से जुड़ी उच्चस्तरीय बैठक में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट की शीर्ष मॉनिटरिंग अथॉरिटी की तीसरी बैठक में भी सहभागिता की। बैठक में मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं और उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पर्याप्त लैंडबैंक, बिजली और नवकरणीय ऊर्जा की उपलब्धता है। साथ ही 25 से अधिक नई औद्योगिक नीतियों के जरिए व्यापार और उद्योगों के लिए प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की ‘भव्या’ यानी भारत औद्योगिक विकास योजना के तहत प्रदेश में उद्योग विकास से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मित्र पार्क का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुताबिक ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 में मध्यप्रदेश को करीब 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से लगभग 30 प्रतिशत प्रस्ताव अब धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने इसे प्रदेश में बढ़ते निवेश और उद्योग जगत के भरोसे का प्रमाण बताया। भव्या योजना के तहत केंद्र सरकार ने 33 हजार 660 करोड़ रुपये के प्रावधान के साथ वित्त वर्ष 2026-27 से 2031-32 तक छह वित्त वर्षों में देशभर में 100 प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक पार्क विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इसका उद्देश्य घरेलू और विदेशी निवेश को बढ़ावा देना है।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।