मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी की कार्यसमिति की बैठक का हुआ शुभारंभ

मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिला स्थित पवित्र नगरी ओरछा में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के आज पहले दिन संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्ययोजनाओं एवं जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, नारायण सिंह, वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित प्रदेश कार्यसमिति के 106 अधिकृत सदस्यों के अलावा सांसद, मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी शामिल हुए।
दो दिवसीय कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत प्रदर्शनी के भव्य उद्घाटन के साथ हुई। इसके बाद सुबह 11 बजे सभी उपस्थित नेताओं और प्रतिनिधियों ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया।
तय कार्यक्रम के अनुसार शाम के समय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद देर रात सभी वरिष्ठ नेता एवं अतिथि रामराजा सरकार के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लेंगे।
इसके अगले दिन यानी 31 अगस्त को सेवा संकल्प अभियान के तहत एक विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें सेवा, सुशासन और संगठन विस्तार के भावी कार्यक्रमों का अंतिम खाका तैयार किया जाएगा। कार्यसमिति का मुख्य ध्यान संगठनात्मक मजबूती और विस्तार पर केंद्रित है।
इसमें बूथों को ज्यादा से ज्यादा सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को व्यवहारिक और प्रभावी बनाने तथा विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने के उपायों पर गहन विचार-विमर्श चल रहा है।
इसके साथ ही समरसता का संकल्प विषय के अंतर्गत समाज के सभी वर्गों को पार्टी संगठन और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने की रणनीति पर मंथन किया जा रहा है।