मध्यप्रदेश डाक परिमंडल में 9 से 15 अक्टूबर तक मनाया जाएगा डाक सप्ताह
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
डाक सेवाओं, वित्तीय समावेशन और फिलेटली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए होंगे विभिन्न आयोजन
भोपाल। भारतीय डाक विभाग के मध्यप्रदेश डाक परिमंडल में 9 से 15 अक्टूबर 2026 तक डाक सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान डाक सेवाओं के महत्व, उनकी व्यापक पहुंच तथा नागरिकों के जीवन में डाक विभाग की भूमिका को रेखांकित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मध्यप्रदेश डाक परिमंडल कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डाक सप्ताह के अंतर्गत प्रत्येक दिन को विशेष दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत डाक सेवाओं, वित्तीय समावेशन, फिलेटली, मेल एवं पार्सल सेवाओं तथा तकनीकी नवाचारों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित होंगे।
9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस के अवसर पर डाक सेवाओं के महत्व और समाज से उनके जुड़ाव के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इस वर्ष की थीम 'एक डाक नेटवर्क अनंत संभावनाएं' रखी गई है।
12 अक्टूबर को फिलेटली दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर डाक टिकट संग्रह एवं अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करने तथा विद्यार्थियों और युवाओं को भारतीय इतिहास, संस्कृति, कला एवं विरासत से परिचित कराने के लिए गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
13 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन दिवस के तहत डाक विभाग की बचत योजनाओं, डाकघर बैंकिंग, बीमा तथा अन्य वित्तीय सेवाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक वित्तीय सुविधाएं पहुंचाने के संबंध में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
14 अक्टूबर को मेल एवं पार्सल दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान डाक एवं पार्सल सेवाओं की उपयोगिता, विश्वसनीयता और व्यापक नेटवर्क को रेखांकित करते हुए ग्राहकों, व्यापारियों तथा ई-कॉमर्स क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को डाक सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।