एक माह से बंद लोको को BHEL भोपाल के अमित कुमार ने किया चालू
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
साइट पर खोज निकाली तकनीकी खराबी, अल्टरनेटर को भोपाल भेजने की जरूरत टली
भोपाल। तेलंगाना के यदाद्रि थर्मल पावर स्टेशन में करीब एक माह से बंद लोकोमोटिव नंबर-3 को BHEL भोपाल के TAM विभाग में कार्यरत अमित कुमार ने तकनीकी दक्षता से पुनः चालू कराया। उन्होंने साइट पर ही TA7009AZ ट्रैक्शन अल्टरनेटर में आई खराबी का कारण खोजकर उसका समाधान किया।
जांच के दौरान अल्टरनेटर के रेक्टिफायर में पॉजिटिव डायोड शॉर्ट होने की समस्या सामने आई। आवश्यक तकनीकी कार्रवाई के बाद रेक्टिफायर असेंबली को साइट पर ही ठीक किया गया। BHEL झांसी और संबंधित इंजीनियरिंग टीम से वीडियो कॉल के माध्यम से तकनीकी समन्वय भी किया गया। इसके बाद अल्टरनेटर का DC आउटपुट बहाल हुआ और लोकोमोटिव संचालन में आ गया।
साइट पर ही मरम्मत होने से पूरे अल्टरनेटर को BHEL भोपाल भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ी, जिससे समय, खर्च और अतिरिक्त डाउनटाइम की बचत हुई। TSGENCO-YTPS ने Appreciation Certificate जारी कर अमित कुमार के तकनीकी ज्ञान, समर्पण और समस्या के समाधान की सराहना की।
अमित कुमार की इस उपलब्धि पर ऑल इंडिया BHEL एम्प्लॉईज यूनियन, संबद्ध निफ्टू के महासचिव रामनारायण गिरी ने यूनियन टीम के साथ उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। टीम ने अमित कुमार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।