राज्य

दो माह का राशन नहीं मिला तो ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, तहसीलदार के पहुंचने पर शुरू हुआ वितरण

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 12 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
दो माह का राशन नहीं मिला तो ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, तहसीलदार के पहुंचने पर शुरू हुआ वितरण

शिवपुरी। जिले के पिछोर अनुविभाग के खोड़ चौकी क्षेत्र के ग्राम चरखऊ में दो माह का राशन नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन दुकान के सेल्समैन ने उनका अंगूठा लगवा लिया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें दो माह का राशन उपलब्ध नहीं कराया गया। लगातार राशन नहीं मिलने से परेशान ग्रामीण शनिवार को सड़क पर उतर आए और आवागमन रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही खोड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण राशन उपलब्ध कराने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना था कि जब राशन वितरण की प्रक्रिया में उनका अंगूठा लगवाया जा चुका है तो उन्हें राशन क्यों नहीं दिया गया, इसकी जांच की जाए और तत्काल उनका बकाया राशन दिलाया जाए।

:

मामले की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार शिवशंकर गुर्जर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी और मौके पर ही राशन वितरण की प्रक्रिया शुरू कराई। राशन मिलने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध समाप्त कर सड़क से हटना स्वीकार किया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और आवागमन सामान्य हो गया। मामले में राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जरूरत भी सामने आई है।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं