विदेश

महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में चार नए रोजगारोन्मुखी कोर्स

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में चार नए रोजगारोन्मुखी कोर्स

बीकानेर, 1 अक्टूबर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के नव नियुक्त कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, रोजगारोन्मुखी शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में चार नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए विज्ञापन जारी किया गया है।

इनमें एमएससी डाटा साइंस, फॉरेंसिक साइंस, मनोविज्ञान और सर्टिफिकेट इन ड्रोन प्रौद्योगिकी शामिल हैं। इसके साथ ही रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अंग्रेजी विभाग के माध्यम से विदेशी भाषा पाठ्यक्रम भी शुरू किए जा रहे हैं।

कुलगुरु ने बताया कि प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस योजना के तहत अनुभवी चिकित्सकों, पेशेवरों और उद्योग विशेषज्ञों की विशेषज्ञता विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप पाठ्यक्रमों में इंटर्नशिप को भी शामिल किया गया है, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।

ऑनलाइन शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं पर जोर

विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को SWAYAM पोर्टल पर उपलब्ध निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रमों से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रहा है। इससे विद्यार्थी घर बैठे विभिन्न पाठ्यक्रमों का अध्ययन कर प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकेंगे।

इसके अलावा विश्वविद्यालय में ऑनलाइन विद्यार्थी शिकायत निवारण केंद्र और विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देने के लिए चैटबॉट विकसित किया जा रहा है। सम्बद्ध महाविद्यालयों के डाटा को ऑनलाइन करने के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जा रही है।

केंद्रीय पुस्तकालय के ई-रिसोर्सेज सम्बद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने की योजना है। वहीं मानव संसाधन विकास मीडिया केंद्र के माध्यम से शिक्षकों की क्षमता विकास और विषय विशेषज्ञों के रिकॉर्डेड वीडियो विद्यार्थियों तक पहुंचाने की तैयारी है।

कई नए पाठ्यक्रमों के लिए नियामक प्रक्रिया

विश्वविद्यालय में एमबीए, एमसीए, बीसीए, बीबीए, एमएड, एमपीएड, बीएबीएड, बीएससी बीएड, बीएससी डाटा साइंस, बीएससी क्लिनिकल साइकोलॉजी, बीफार्मा और बीएससी नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए संबंधित नियामक संस्थाओं से पंजीयन की प्रक्रिया की जाएगी।

कुलगुरु ने बताया कि आगामी समय में रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर चयन और पदोन्नति की प्रक्रिया के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से एमओयू किए जाएंगे। इन समझौतों के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और अन्य अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

दिसंबर 2026 में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह

कुलसचिव यशपाल आहूजा ने बताया कि विश्वविद्यालय का आगामी दीक्षांत समारोह दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है। इसमें परीक्षा वर्ष 2025 के करीब 1.27 लाख विद्यार्थियों को उपाधियां तथा 136 विद्या-वाचस्पति उपाधियां प्रदान किए जाने की योजना है।

प्रेसवार्ता में संकायाध्यक्ष विज्ञान प्रो. अनिल कुमार छंगाणी, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजाराम चोयल और आईक्यूएसी निदेशक डॉ. धर्मेश हरवानी भी मौजूद रहे।

बाइट - प्रो नरसी राम बिश्नोई, कुलगुरु महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।