महिला अधिकारी की सजगता से बाढ़ के बीच सुरक्षित रहे रीवा के एक्स्ट्रा हाईटेंशन सब स्टेशन, 48 घंटे हाई अलर्ट पर रही टीम, जलभराव से बचाए महत्वपूर्ण सब स्टेशन
रीवा-1 सब स्टेशन था सबसे संवेदनशील रीवा का 132 केवी रीवा-1 सब स्टेशन विशेष रूप से संवेदनशील था। इसके किनारे रेलवे की जल निकासी व्यवस्था होने के कारण भारी बारिश के दौरान सब स्टेशन में पानी प्रवेश करने की आशंका बनी हुई थी।
सब स्टेशन में जलभराव होने की स्थिति में ट्रांसफार्मर, कंट्रोल एवं प्रोटेक्शन सिस्टम, केबल ट्रेंच सहित कई महत्वपूर्ण विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंच सकता था। इससे बड़े क्षेत्र की बिजली ट्रांसमिशन व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही बाढ़ के दौरान चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों पर भी असर पड़ सकता था।
बारिश से पहले ही की गई तैयारी संभावित खतरे को देखते हुए जलभराव वाले स्थानों की पहले ही पहचान कर ली गई थी। भारी बारिश की चेतावनी मिलते ही जल निकासी नालियों की विशेष सफाई कराई गई। अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था के साथ संवेदनशील स्थानों पर कर्मचारियों की अग्रिम तैनाती की गई।
टीम ने लगातार निरीक्षण करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां बनाए रखीं। इन प्रयासों के चलते रीवा शहर के महत्वपूर्ण सब स्टेशन सुरक्षित रहे और क्षेत्र की ट्रांसमिशन व्यवस्था निर्बाध बनी रही। इन सब स्टेशनों पर भी रही विशेष निगरानी
रीवा शहर के अलावा 220 केवी सिरमौर तथा 132 केवी अटरैला, कटरा, मऊगंज, मंगावां, रामपुर नैकिन और रामपुर बघेलान एक्स्ट्रा हाईटेंशन सब स्टेशनों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। एमपी ट्रांसको का मैदानी अमला पूरे समय सक्रिय रहा और संवेदनशील विद्युत पारेषण उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित की। महिला नेतृत्व ने दिखाई कार्यकुशलता
उल्लेखनीय है कि इंदौर के बाद रीवा दूसरा प्रमुख शहर है, जहां एमपी ट्रांसको ने विद्युत ट्रांसमिशन व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी महिला अधिकारी को सौंपी है। इंदौर की संपूर्ण ट्रांसमिशन व्यवस्था भी महिला अधिकारियों के नेतृत्व में संचालित हो रही है।
बाढ़ जैसी विषम परिस्थितियों में सोनाली श्रीवास्तव द्वारा प्रदर्शित नेतृत्व क्षमता, तकनीकी दक्षता और त्वरित निर्णय क्षमता ने यह साबित किया कि महिलाएं विद्युत ट्रांसमिशन जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी दायित्वों का भी प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रही हैं।
रीवा में बाढ़ के दौरान ट्रांसमिशन व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।