व्यापार

महिला उद्यमियों और स्टार्टअप्स को वित्तीय अवसरों की जानकारी, विशेषज्ञों ने बताए लोन और फंडिंग के विकल्प

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
महिला उद्यमियों और स्टार्टअप्स को वित्तीय अवसरों की जानकारी, विशेषज्ञों ने बताए लोन और फंडिंग के विकल्प

भोपाल। मध्यप्रदेश एसोसिएशन ऑफ वुमेन एंटरप्रेन्योर्स (मावे) द्वारा महिला उद्यमियों और स्टार्टअप्स के लिए होटल पलाश रेजिडेंसी, भोपाल में ‘एक्सेस टू बिजनेस फाइनेंस’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य महिला उद्यमियों और नए स्टार्टअप्स को बिजनेस लोन, फंडिंग के अवसर, वित्तीय योजना और उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत मावे की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतरूपा राबरा ने अतिथियों, बैंक प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के स्वागत के साथ की। इसके बाद मावे की चेयरपर्सन एवं संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अर्चना भटनागर के साथ पैनल चर्चा आयोजित हुई।

पैनल चर्चा में महिला उद्यमियों और स्टार्टअप्स के सामने आने वाली वित्तीय चुनौतियों, बिजनेस फंडिंग, लोन प्राप्त करने की प्रक्रिया और प्रभावी वित्तीय योजना जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। पैनल में बैंक ऑफ इंडिया के बृजेश श्रीवास्तव, भारतीय स्टेट बैंक की श्रेष्ठा मिश्रा, सिडबी की दीक्षा, केनरा बैंक के सुनील कुमार, डीटीआईसी के प्रवीण भट्ट, मावे अध्यक्ष भावना मदान और बोर्ड सदस्य डॉ. विशाखा श्रीवास्तव शामिल रहे।

विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को सीआईबीआईएल के महत्व, बिजनेस लोन, सरकारी योजनाओं, फंडिंग के विकल्प, लोन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता और वित्तीय सहायता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से सवाल भी किए, जिनका उन्हें व्यवहारिक तरीके से समाधान बताया गया।

कार्यशाला में बैंक और सरकारी योजनाओं के अलावा वित्त जुटाने के वैकल्पिक स्रोतों पर भी जानकारी दी गई। प्रदीप करम्बेलकर ने वेंचर कैपिटल, एंजेल इन्वेस्टमेंट सहित अन्य माध्यमों के बारे में विस्तार से बताया और उद्यमियों को उपलब्ध वित्तीय विकल्पों की जानकारी दी।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश स्किल डेवलपमेंट बोर्ड एवं ग्लोबल स्किल पार्क की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अदिति गर्ग, आईएएस ने उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए प्रशिक्षित और कुशल मानव संसाधन महत्वपूर्ण है। ग्लोबल स्किल पार्क उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

कार्यशाला के आयोजन में मावे अध्यक्ष भावना मदान, सतरूपा राबरा, डॉ. विशाखा श्रीवास्तव, वाग्मिता प्रज्ञा, मनीषा गांधी और अमरीन खान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विशाखा श्रीवास्तव ने किया। अंत में मावे अध्यक्ष भावना मदान ने अतिथियों, बैंक प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।