आप महिला विंग का पहला प्रादेशिक सम्मेलन संपन्न, संगीता पांडे बोलीं- महिला सम्मान मॉडल को प्रदेश में लागू करने का संकल्प, देखें वीडियो
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। आम आदमी पार्टी महिला विंग का प्रथम प्रादेशिक कार्यकर्ता सम्मेलन 8 अक्टूबर को गांधी भवन, भोपाल में आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेशभर से पहुंचीं महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश में महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन को मजबूत करने और व्यापक स्तर पर अभियान चलाने का संकल्प लिया।
सम्मेलन की अध्यक्षता महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री संगीता पांडे ने की। कार्यक्रम में भोपाल जोन से प्रदेश उपाध्यक्ष भारती जैन, श्वेता अग्रवाल, परमिंदर कौर, भोपाल जिला अध्यक्ष निधि वर्मा सहित प्रदेश उपाध्यक्ष अमिता खंडेलवाल, शीला आर्य, फूलकुवर, अनीता वैस, निवेदिता गंभीर, सुरभि गर्ग और माया हुड़मढ़े मौजूद रहीं।
प्रदेश अध्यक्ष संगीता पांडे ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर जो योजनाएं और काम किए, उनका उद्देश्य महिलाओं को सुविधाएं, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता उपलब्ध कराना रहा है। उन्होंने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार के कार्यकाल के दौरान महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, CCTV और स्ट्रीट लाइट, मोहल्ला क्लीनिक, सरकारी स्कूलों में सुधार और महिला सम्मान राशि जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में महिलाओं के लिए DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू की गई थी। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाने, मोहल्ला क्लीनिक के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को इलाज, जांच और दवाइयां उपलब्ध कराने तथा सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में सुधार जैसे कार्य किए गए।
संगीता पांडे ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक और सरकारी स्कूलों के कायाकल्प जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार और आर्थिक अवसरों से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
मध्यप्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए संगीता पांडे ने महिला सुरक्षा, महंगाई, सरकारी स्कूलों और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों को केवल घोषणाओं तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जमीन पर लागू करने की जरूरत है।
सम्मेलन में तीन प्रमुख निर्णय लिए गए। इनमें प्रदेश के प्रत्येक जिले में ‘महिला न्याय प्रकोष्ठ’ के गठन का निर्णय शामिल है, जो जरूरतमंद और पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगा। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘महिला चौपाल’ आयोजित कर दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारों के महिला केंद्रित कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
सम्मेलन में 20 अक्टूबर 2026 से प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर महंगाई, महिला सुरक्षा और आंगनवाड़ी-आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय को 10 हजार रुपये करने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने का निर्णय भी लिया गया।
भोपाल जिला अध्यक्ष निधि वर्मा ने कहा कि यह सम्मेलन केवल संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश में महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक अभियान की शुरुआत है।