महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना विकसित भारत—विकसित राजस्थान के लिए जरूरी : मुख्यमंत्री
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 3 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की आत्मनिर्भरता महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। लखपति दीदी, कृषि सखी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
केंद्र सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री शनिवार को जयपुर के कॉमर्स कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम से प्रदेश के विभिन्न जिलों की महिलाएं भी जुड़ीं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम में राजीविका की महिला व्यवसायियों एवं लाभार्थियों से संवाद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना के तहत लाभार्थियों को राशि डीबीटी की तथा स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न योजनाओं के चेक वितरित किए। उन्होंने प्रदर्शनी में राजीविका उत्पादों का अवलोकन करते हुए लखपति दीदियों को स्कूटी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को चाबियां सौंपी।
जिला मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों में महिला सशक्तीकरण, महिलाओं की भागीदारी और उनके अधिकारों से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना विकास का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। इस दिशा में सरकार की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि राजीविका के माध्यम से प्रदेश में महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं। उन्होंने बताया कि करीब 18 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और 25 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पहले उन्होंने एम्बुलेंस, आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर तथा ऑटो टिपर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
साथ ही, उन्होंने लाभार्थी महिलाओं से संवाद भी किया। अजमेर के जवाहर रंगमंच पर जिला स्तरीय नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियां महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर लोकबंधु, नगर निगम महापौर अनामिका शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिलेभर से आई महिलाएं और स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि शामिल हुईं।
इस दौरान जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।