2 महिलाओं को बातों में उलझाकर जेवर उतरवाए:पीड़िता बोली- शरीर पर हाथ घुमाया और एक किलो चांदी की कड़ियां निकाल ली; 4 महिलाओं ने की वारदात
उदयपुर के भींडर थाना क्षेत्र में तीन से चार महिलाओं द्वारा दो बुजुर्ग महिलाओं को बातों में उलझाकर जेवर उतरवाने का मामला सामने आया है। पहली घटना सवना इलाके में सामने आई। जहां 50 वर्षीय सोहनी बाई ओड़ को निशाना बनाया। पीड़िता ने बताया कि मुझे लगा कि चारों महिलाएं घर-घर मांगने वाली हैं या फिर पानी पीने आईं हैं। वे बोलीं कि हमारे यहां चोरी हो गई है। दूसरी महिला बोली-मेरी बेटी की शादी करनी है। इसी तरह बातें बनाती रहीं। इस दौरान मुझे बातों में ऐसा उलझाया कि मुझे पता ही नहीं लगा कि कब मैंने गले से करीब आधा तोले वजनी सोने का मादलिया खोलकर उन्हें दे दिया। इसके बाद वे तुरंत रवाना हो गईं। बाद में लूट का पता लगा। एक किलो चांदी की कड़ियां निकलवा लीं घटना के करीब तीन घंटे बाद ही भींडर के शाहजी की भागल पावर हाउस क्षेत्र में 70 वर्षीय काली बाई डामर के साथ भी इसी तरह की वारदात सामने आई। काली बाई ने बताया कि उन्हें बातों में उलझाकर तरह-तरह की बातें कीं। उनमें से एक महिला ने मेरे शरीर पर हाथ फेरा। फिर पैर से करीब एक किलो चांदी की कड़ियां निकलवा लीं। वे 4 महिलाएं थीं। इनमें से दो महिलाओं ने बातचीत शुरू की। बाद में जब पीड़ित महिला को जेवर गायब होने का पता लगा तो उन्होंने परिजनों को इसकी सूचना दी। घटना की शिकायत भींडर थाने में दर्ज कराई गई है। जिसके बाद पुलिस आरोपी महिलाओं की तलाश में जुटी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए कर रही पहचान पुलिस आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपी महिलाओं की तलाश में जुटी है। पुलिस को भींडर नगर पालिका रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पुलिस को चार संदिग्ध महिलाएं दिखीं हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। दोनों घटनाओं में शामिल महिलाओं के हुलिए, बातचीत के तरीके और वारदात के पैटर्न को ध्यान रखते हुए पुलिस जांच में जुटी है। वहीं, एक ही दिन में महिलाओं के साथ हुई 2 वारदातों ने इलाके में महिला सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
📡 स्रोत: NewsData.io