4 महीने से 78 परिवारों को नहीं मिला राशन:शिवपुरी में राशन दुकान के सेल्समैन को जेल भेजा
शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग की ग्राम पंचायत दीघोद में चार महीने से राशन नहीं मिलने की शिकायत पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद राशन दुकान के सेल्समैन दिलीप जाटव को जेल भेज दिया गया।
इसके साथ ही, मौके पर ही राशन दुकान के प्रबंधक को बुलाकर राशन से वंचित 78 परिवारों को वितरण शुरू कराया गया। दरअसल, दीघोद पंचायत के ग्रामीणों ने हाल ही में कलेक्टर अर्पित वर्मा से शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें पिछले चार माह से सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान से राशन नहीं मिल रहा है।
कलेक्टर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार और खाद्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर जांच के निर्देश दिए। चार महीने तक हितग्राहियों को राशन नहीं मिला कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार सचिन भार्गव और जिला आपूर्ति अधिकारी तुलेश्वर कुर्रे दीघोद पहुंचे। जांच के दौरान ग्रामीणों की शिकायतें सही पाई गईं।
चार महीने तक हितग्राहियों को राशन न दिए जाने को गंभीर लापरवाही और अनियमितता मानते हुए सेल्समैन दिलीप जाटव के खिलाफ कार्रवाई की गई और उसे जेल भेज दिया गया। अधिकारियों ने तुरंत राशन दुकान के प्रबंधक को मौके पर बुलाया। इसके बाद, राशन से वंचित सभी 78 हितग्राहियों को तत्काल प्रभाव से राशन का वितरण सुनिश्चित कराया गया।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने इस संबंध में कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर राशन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने जिले के ग्रामीणों से अपील की है कि राशन नहीं मिलने या वितरण में अनियमितता होने पर तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें।
📡 स्रोत: NewsData.io