अपराध

महोबा में सड़क के लिए बच्चों का हल्लाबोल, तीन घंटे हाईवे जाम

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 20 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
महोबा में सड़क के लिए बच्चों का हल्लाबोल, तीन घंटे हाईवे जाम

महोबा में सड़क के लिए बच्चों का हल्लाबोल, तीन घंटे हाईवे जाम खराब सड़क और जलभराव से परेशान छात्रों ने जताया विरोध, पुलिस पर घसीटने और बदसलूकी के आरोप; तहसीलदार के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन महोबा, 19 अगस्त।

खराब सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान रैपुरा कलां गांव के स्कूली बच्चों ने बुधवार को झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। लकड़ी और पत्थर रखकर किए गए प्रदर्शन के कारण करीब तीन घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

बच्चों और ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। तीन किलोमीटर सड़क गड्ढों में तब्दील ग्रामीणों के मुताबिक गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली करीब तीन किलोमीटर सड़क लंबे समय से खराब है। बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है।

सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और पानी भरा होने के कारण स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों का दावा है कि खराब रास्ते के कारण ई-रिक्शा और ऑटो पलटने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। इस मार्ग का इस्तेमाल रैपुरा कलां के अलावा मझलवारा, बनियातला और महानपुरा के ग्रामीण भी करते हैं।

दाल मिलों के भारी वाहनों पर आरोप छात्रों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की दाल मिलों में आने-जाने वाले भारी और ओवरलोडेड वाहनों के कारण सड़क लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कुछ मिलों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बहता है, जिससे जलभराव की समस्या बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसके बाद छात्रों ने विरोध का रास्ता अपनाया। पुलिस पर बल प्रयोग का आरोप जाम की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस और तहसीलदार अभिषेक मिश्रा मौके पर पहुंचे।

प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें सड़क से हटाने के लिए बल प्रयोग किया। कुछ बच्चों को घसीटकर हटाने और छात्राओं से अभद्रता व धमकी देने के आरोप भी लगाए गए। घटना से जुड़े वीडियो सामने आने की बात भी कही गई है।

हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आश्वासन के बाद खुला हाईवे मौके पर पहुंचे तहसीलदार अभिषेक मिश्रा ने छात्रों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों तक मामला पहुंचाने और सड़क की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

तहसीलदार के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और करीब तीन घंटे बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क और जलभराव की समस्या का जल्द स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।