मजबूत विचार, सही दिशा और सामूहिक प्रयास से बड़े परिवर्तन संभव : राज्यमंत्री श्री टेटवाल

मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि किसी भी बड़े लक्ष्य की शुरुआत एक विचार से होती है और उसे साकार करने के लिए सही रणनीति तथा सामूहिक प्रयास आवश्यक है। उन्होंने आइडियाबाज को युवाओं के कौशल और प्रतिभा को सामने लाने वाला उपयोगी मंच बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश के युवा अपने स्टार्टअप और नवाचारों को आगे बढ़ाने के लिए विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क के विद्यार्थियों के साथ मिलकर नए स्टार्टअप्स को आगे लाने के प्रयास किए जाएंगे।
एसआईसी - आइडियाबाज स्टार्टअप डे एमपी 2026 के माध्यम से युवा उद्यमियों और नवप्रवर्तकों को अपने स्टार्टअप, नवाचार और नए व्यावसायिक विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला। स्टार्टअप एंड इन्क्यूबेशन सेंटर–MIIC, संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क द्वारा आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने विशेषज्ञों के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत किए और उन्हें अपने आइडिया को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन मिला।
कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही। अपने विचारों को मंच पर प्रस्तुत करने और विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिलने से प्रतिभागियों को अपने नवाचार को आगे बढ़ाने की दिशा में नए आइडिया और सलाह मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नवाचार और उद्यमिता की सोच को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपने विचारों को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक मंच और सहयोग उपलब्ध कराना रहा।