मालावी के उच्चायुक्त 9 अक्टूबर को जोबनेर कृषि विश्वविद्यालय का करेंगे दौरा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कृषि शिक्षा, अनुसंधान और जलवायु-स्मार्ट खेती में सहयोग की संभावनाओं पर होगी चर्चा
जोबनेर, 8 अक्टूबर। मालावी गणराज्य के उच्चायुक्त लियोनार्ड मंगा 9 अक्टूबर को श्री कर्ण नरेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर का दौरा करेंगे। इस दौरान कृषि शिक्षा, अनुसंधान, वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक आदान-प्रदान और संभावित समझौता ज्ञापन को लेकर चर्चा होगी। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि राजस्थान और मालावी की कृषि एवं जलवायु परिस्थितियों में कई समानताएं हैं। ऐसे में जलवायु-सहिष्णु एवं सूखा-रोधी फसलों, जल प्रबंधन, टिकाऊ कृषि, प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण के क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने बताया कि बाजरा, मूंगफली, लोबिया और उद्यानिकी फसलों के साथ एकीकृत कृषि प्रणाली तथा जलवायु-स्मार्ट कृषि के क्षेत्र में भी तकनीकी एवं वैज्ञानिक सहयोग किया जा सकता है। दोनों पक्षों के वैज्ञानिकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान के साथ तकनीकी प्रशिक्षण से कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
दौरे के दौरान विश्वविद्यालय के निदेशकगण, अधिष्ठातागण और प्रमुख वैज्ञानिकों के साथ परिचर्चा कर सहयोग के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की जाएगी। प्रस्तावित सहयोग के तहत संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, वैज्ञानिकों एवं शिक्षकों तथा विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के आदान-प्रदान और तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर विकसित किए जाने की संभावनाओं पर विचार होगा।