अपराध

मन की बात: प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का उल्लेख किया

लेखक: AIR Raipur अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मन की बात: प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का उल्लेख किया

रायपुर, 30 अगस्त 2026 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि नशा मुक्‍त युवा फोर विकसित भारत अभियान पूरे देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

आज आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने इस बात पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की कि नशा मुक्‍त युवा और नशा मुक्‍त भारत केवल एक औपचारिकता नहीं है, क्‍योंकि बहुत सारे लोग और विशेषकर युवा बड़ी संख्‍या में इसका हिस्‍सा बन रहे हैं। यह भारत के युवाओं के स्‍वास्‍थ्‍य, खुशी और उज्‍ज्‍वल भविष्‍य के लिए सामूहिक संकल्‍प है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नशे की लत से केवल एक व्‍यक्ति पर ही दुष्‍प्रभाव नहीं पड़ता बल्कि पूरे परिवार और समाज को इसके परिणाम भुगतने पड़ते हैं। उन्‍होंने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए आगे आने वाले लोगों की सराहना की।

श्री मोदी ने लोगों से नशा मुक्‍त भारत के लिए प्रभावशाली नारा तैयार करने और युवा संगीतकारों से ऐसे गीत बनाने को कहा जो नशा मुक्‍त जीवन का संदेश दें। उन्‍होंने कहा कि देश में उत्‍कृष्‍ठ कंटेंट क्रिएटर्स की कोई कमी नहीं है। श्री मोदी ने उनसे इस प्रयास में विभिन्‍न भाषाओं में कंटेंट तैयार करने का आग्रह किया।

उन्‍होंने कहा कि वे सामाजिक परिवर्तन के लिए अपनी रचनात्‍कता को माध्‍यम के रूप में इस्‍तेमाल कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम स्‍वनिधि योजना के माध्‍यम से लाखों महिलाओं को नई शक्ति प्राप्‍त हो रही है। उन्‍होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के इस पहलू पर उतनी चर्चा नहीं हुई जितनी होनी चाहिए थी।

श्री मोदी ने कहा कि लगभग 46 प्रतिशत महिलाएं पीएम स्‍वनिधि योजना की लाभार्थी हैं। उन्‍होंने कहा कि देशभर की लगभग 35 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़कर अपने कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं। श्री मोदी ने इस योजना से लाभान्वित होने वाली गाजियाबाद की बबिता शर्मा और बेंगलुरु की टी.एस. निन्‍गम्‍मा का उल्‍लेख किया।

उन्‍होंने कहा कि जब एक महिला का कारोबार आगे बढ़ता है तो उसके साथ पूरे परिवार का भविष्‍य भी आगे बढ़ता है, बच्‍चों को बेहतर शिक्षा मिलती है, घर की जरूरतें पूरी होती हैं और महिला का आत्‍मविश्‍वास और मजबूत होता है। श्री मोदी ने कहा कि यह महिला सशक्तिकरण का जीवंत रूप है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्‍वच्‍छता की एक बहुत बड़ी खुबी होती है। उन्‍होंने कहा कि जब किसी जगह को स्‍वच्‍छ रखने का संकल्‍प लोगों का अपना संकल्‍प बन जाता है तो उससे, उस जगह की पहचान पूरी तरह बदल जाती है। श्री मोदी ने कहा कि देश के विभिन्‍न भागों में स्‍वच्‍छता के लिए ऐसे प्रयासों से लोगों को निरंतर प्रेरणा मिलती है।

उन्‍होंने उत्‍तर प्रदेश के पटवाई के आकाश और रोहन का उल्‍लेख किया जिन्होंने नदी के घाटों सहित सार्वजनिक स्‍थानों को स्‍वच्‍छ रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया है। प्रधानमंत्री ने श्री अमरनाथ यात्रा का भी उल्‍लेख किया जहां चार सौ मीट्रिक टन से अधिक कचरे को इकट्ठा कर प्रसंस्‍कृत किया जा चुका है।

उन्‍होंने कहा कि ओडिसा के देबरीगढ़ क्षेत्र के धोड़रोकुसुम के मैथिली भुए ने यह दिखा दिया है कि जीवन में समृद्धि प्राप्‍त करने के साथ-साथ प्रकृति की रक्षा करना भी संभव है। श्री मोदी ने कहा कि आज देश की बेटियों के सपनों की उड़ान धरती से निकलकर अंतरिक्ष तक पहुंच रही है।

उन्‍होंने कहा कि भारत ऐसे सपने देखने वाली दुनिया की हजारों बेटियों को एक साथ जोड़ रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पहल का नाम है मिशन शक्तिसैट और इसके माध्‍यम से एक सौ आठ देशों की 12 हजार छात्राओं को उपग्रह प्रौद्योगिक सीखने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

उन्‍होंने कहा कि इस महीने राष्‍ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर उत्‍तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में इस मिशन की एक सुंदर झलक देखने को मिली, जहां गौतम बुद्ध विश्‍वविद्यालय में मिशन शक्तिसैट के दूसरे चरण की शुरुआत की गई।श्री मोदी ने आंध्रप्रदेश में कडप्‍पा के वरदराज और तमिलनाडु में कोडाईकनाल के चन्‍द्रशेखरन का उल्‍लेख किया, जो ऐवोकैडो की खेती के ज़रिए अतिरिक्‍त कमाई कर रहे हैं।

श्री मोदी ने मुंबई के कृष्‍णा शेषाद्रि से बात की जिन्‍होंने एक अद्भुत वेबसाइट डब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यूडब्‍ल्‍यू डॉट भारतराज्‍य डॉट कॉम शुरू की है। इस वेबसाइट पर कोई भी वर्ष चुनकर लोग पता कर सकते हैं कि भारत के किस हिस्‍से में उस समय किस राजा का शासन था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री कृष्‍णा की इस पहल से न केवल इतिहास के छात्रों को मदद मिलेगी बल्कि लोगों को अतीत के बारे में उत्‍सुकता से जानने का अवसर मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगस्‍त का महीना अपने साथ देशभक्ति के कई रंगों को लेकर आया है।

उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्रीय हथकरघा दिवस और भारत छोड़ों आंदोलन की वर्षगांठ से लेकर विभाजन विभीषिका स्‍मृति दिवस ने इस महीने को विशेष बनाया। श्री मोदी ने कहा कि स्‍वतंत्रता दिवस और राष्‍ट्रीय अंतरिक्ष दिवस ने प्रत्‍येक नागरिक को गर्व का क्षण प्रदान किया।

उन्‍होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान ने देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया। श्री मोदी ने कहा कि वंदेमातरम की 150वीं वर्षगांठ से यह वर्ष और भी विशेष बन गया। उन्‍होंने कहा कि इस बार आठ करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्‍फी अपलोड की गई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष सूर्यपथ तिरंगा पहल से राष्‍ट्रीय ध्‍वज ने संपूर्ण धरती की अद्भुत यात्रा की। उन्‍होंने कहा कि सुबह की पहली किरण के साथ तिरंगा फिजी के सुआ में फहराया गया। इसके बाद यह एशिया, अफ्रीका और यूरोप में भारतीय दूतावासों और अमरीका के सैन फ्रांसिस्‍को में भी फहराया गया।

श्री मोदी ने कहा कि अगले महीने की तीन तारीख को देश महानायक उत्‍तम कुमार की जन्‍मशती मनाएगा। उन्‍होंने कहा कि उत्‍तम कुमार बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता थे जिन्‍होंने अपने अभिनय से लोगों के दिलों में जगह बनाई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मेले और त्‍यौहार न केवल परंपराओं को जीवित रखते हैं बल्कि एक-दूसरे से जुड़ने का मौका भी देते हैं। उन्‍होंने कहा कि आने वाले दिनों में भारत में जन्‍माष्‍टमी और विश्‍वकर्मा पूजा पर्व मनाए जाएंगे।दिपावली भी कुछ महीनों में मनाई जाएगी और इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।

उन्‍होंने लोगों से त्‍यौहारों के इस मौसम में वोकल फॉर लोकल बनने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वोकल फॉर लोकल का मतलब यह नहीं है कि आप केवल मिट्टी के दीए खरीदें। इसके पीछे बहुत व्‍यापक दृष्टि है। उन्‍होंने कहा कि भारत का आत्‍मनिर्भर बनने का मार्ग भारत में बने उत्‍पादों पर गर्व करने से ही प्रशस्‍त होगा।

A
AIR Raipur

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।