विदेश

मां गंगा के दर्शन के लिए शुरू होगी ‘गंगा सारथी’ इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 23 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मां गंगा के दर्शन के लिए शुरू होगी ‘गंगा सारथी’ इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा

23 अक्तूबर 2026, देहरादून: धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों को जल्द ही आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने जा रही है। नगर निगम जल्द हरकी पैड़ी क्षेत्र में इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने जा रहा है। ‘गंगा सारथी’ नाम से प्रस्तावित इस सेवा का संचालन दीपावली से पहले शुरू करने की तैयारी है।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से शुरू की जा रही इस सेवा का उद्देश्य हरकी पैड़ी एवं आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराना है। धर्मनगरी हरिद्वार में वर्षभर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। विशेष पर्वों और त्योहारों के दौरान क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने के कारण बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों को लंबी दूरी पैदल तय करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ‘गंगा सारथी’ सेवा शुरू होने से इन समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी।

यह सेवा लगभग ढाई किलोमीटर के दायरे में संचालित की जाएगी। इसके प्रथम चरण में हरिद्वार मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी तक और दूसरे चरण में हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट का संचालन प्रस्तावित है। शुरुआती चरण में 20 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट संचालित की जाएंगी, जिनमें जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था की जाएगी।

‘गंगा सारथी’ सेवा की एक प्रमुख विशेषता इसका पर्यावरण-अनुकूल स्वरूप है। बैटरी से संचालित होने वाले इन वाहनों से स्थानीय स्तर पर धुएं का उत्सर्जन नहीं होगा तथा ध्वनि प्रदूषण भी कम होगा। इससे गंगा तट एवं आसपास के धार्मिक क्षेत्रों की स्वच्छता, शांति और पवित्रता बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही, श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में सुविधाजनक आवागमन का विकल्प उपलब्ध होगा।

दीपावली से पहले सेवा शुरू करने की योजना है, ताकि आगामी त्योहारों एवं धार्मिक अवसरों पर हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सके।

(

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।