राजनीति

मानदेय बढ़ने की घोषणा से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं में खुशी की लहर

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 16 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मानदेय बढ़ने की घोषणा से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं में खुशी की लहर

लखनऊ, 8 सितंबर। प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा से उनमें खुशी की लहर है। कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने इसे अपने श्रम और जिम्मेदारियों के सम्मान के साथ-साथ परिवार के लिए बड़ी राहत बताया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय आठ हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का चार हजार रुपये से बढ़ाकर छह हजार रुपये करने की घोषणा की।

साथ ही कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और उनके परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने का भी एलान किया। सरकार की इस घोषणा को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यकत्रियों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। बच्चों व महिलाओं तक योजनाएं पहुंचाने में अहम भूमिका मीरजापुर के आंगनवाड़ी केंद्र चिल्ह तृतीय की कार्यकत्री विद्यादेवी ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से लेकर महिलाओं को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने तक कार्यकत्रियां जिम्मेदारी निभाती हैं। मानदेय बढ़ने से बहुत खुशी हुई है। सरकार ने कैशलेस इलाज की सुविधा से जोड़कर उनके श्रम का सम्मान किया है। सहायिकाओं में भी बढ़ा उत्साह मीरजापुर के आंगनवाड़ी केंद्र मलाधरपुर प्रथम की सहायिका क्रांति देवी ने कहा कि मानदेय बढ़ने और कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की घोषणा से उनके जैसी हजारों सहायिकाओं में उत्साह बढ़ा है।

सरकार का यह कदम उनके परिवार के लिए भी राहत और खुशी लेकर आया है। बढ़ा हुआ मानदेय घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मददगार होगा। आंगनवाड़ी केंद्र अमोई द्वितीय की कार्यकत्री संजीता देवी ने कहा कि मानदेय बढ़ने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से उन्हें अपने दायित्वों को और बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा मिलेगी।

जिम्मेदारी निभाने का उत्साह और बढ़ा मेरठ की नव नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्री राखी ने कहा कि नियुक्ति मिलना उनके लिए बेहद खुशी का पल है। इसके साथ सरकार ने मानदेय बढ़ाकर और परिवार के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा देकर बड़ी राहत दी है। इससे जिम्मेदारी निभाने का उत्साह और बढ़ा है। आंगनवाड़ी कार्यकत्री गीता ने कहा कि मानदेय में बढ़ोतरी सभी के लिए बड़ी खुशी की बात है।

परिवार के लिए पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलना भी बड़ी राहत है। सरकार ने उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों को समझा है। कार्यकत्री बबीता ने कहा कि सरकार ने मानदेय बढ़ाने के साथ परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा की भी चिंता की है। तीन साड़ियां मिलने से भी सुविधा होगी। इन फैसलों से सम्मान और भरोसा दोनों मिला है।

मनोरमा ने कहा कि परिवार के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा से चिंता कम हुई है। राजकली ने कहा कि योगी सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की मेहनत को सम्मान दिया है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।