मानपुर में फूटा महिलाओं का गुस्सा: शराब दुकान में तोड़फोड़, थाने में जमा कराई शराब; चेतावनी—“कल हुआ चक्का जाम तो जिम्मेदार प्रशासन होगा”, देखें वीडियो

पिछोर,मानपुर। क्षेत्र में कथित अवैध शराब की बिक्री को लेकर आदिवासी समाज की महिलाओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं शराब के खिलाफ सड़क पर उतर आईं और शराबबंदी की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
आक्रोशित महिलाओं ने शराब दुकान में तोड़फोड़ कर वहां मिली शराब को अपने कब्जे में लिया और बाद में उसे थाने पहुंचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार शराब की बिक्री से कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं का आरोप है कि शराब की आसानी से उपलब्धता के कारण घरों में विवाद बढ़ रहे हैं और युवाओं पर भी इसका गलत असर पड़ रहा है। “अवैध शराब बंद कराकर ही लेंगे दम”
विरोध प्रदर्शन के दौरान आदिवासी महिलाओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे अपने गांव और क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार नहीं चलने देंगी। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

महिलाओं ने शराब दुकान से शराब उठाकर थाने में जमा कराते हुए प्रशासन को अपनी नाराजगी से अवगत कराया। उनका कहना था कि यह कदम शराब के खिलाफ उनके संघर्ष का हिस्सा है और यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। चक्का जाम की चेतावनी
महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक नहीं लगी और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़क पर उतरकर चक्का जाम करने के लिए मजबूर होंगी। महिलाओं ने साफ कहा कि “कल अगर चक्का जाम हुआ तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।”
महिलाओं के आक्रोश के बाद अब प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई की चुनौती है। फिलहाल महिलाओं के इस विरोध ने क्षेत्र में शराबबंदी का मुद्दा एक बार फिर गरमा दिया है। अब लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।