मानसून सत्र का चौथा दिन, रोजगार गारंटी और जल विद्युत रॉयल्टी पर होगी चर्चा, किसानों के मुद्दे भी उठेंगे
अगस्त 25, शिमला (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन सदन में रोजगार, जल विद्युत रॉयल्टी और किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी।इसके अलावा उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम का 2020-21 और हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प-हथकरघा निगम का 2021-22 का वार्षिक प्रतिवेदन सदन में रखेंगे।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का 2023-24 का वार्षिक प्रतिवेदन सदन में रखेंगे। इसके अलावा नियम-62 के तहत दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव आएंगे जिसमें विधायक कुलदीप सिंह राठौर प्रदेश के बागवानों/किसानों को दिए जा रहे फ़फूंदनाशकों और कीटनाशकों की गुणवत्ता का मुद्दा उठाएंगे।
जबकि विधायक पवन कुमार काजल नगल में भूमि अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और पुनर्स्थापन का मामला उठाएंगे। वहीं सदन में आज नियम-130 के तहत युवाओं के लिए रोजगार सम्बंधित गारंटी के कार्यान्वयन बारे में प्रस्ताव पर आगे चर्चा शुरू होगी।
सत्र के पहले दो दिन राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत विवाद के कारण हंगामे की भेंट चढ़ गए थे।आज सरकार और विपक्ष के बीच जनहित के मुद्दों पर टकराव देखने को मिल सकता है।