मंडला- ग्राम गोंझीरैयत में एक पेड़ माँ के नाम अंतर्गत किया गया पौधारोपण

मंडला। ग्राम पंचायत गोंझीरैयत में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति गोंझीरैयत एवं नवांकुर संस्था के संयुक्त तत्वावधान में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत एक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना और समाज को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जन अभियान परिषद के सलाहकार शिवनारायण पटेल ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार भगवान शिव ने सृष्टि की रक्षा के लिए विष का पान किया था, उसी प्रकार पेड़ हमारे वातावरण से हानिकारक कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करके हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके बड़े होने तक उसकी नियमित देखभाल भी करे। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई, जिससे वे प्रकृति और हरियाली के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझ सकें।
इस कार्यक्रम में जबलपुर संभाग समन्वयक रवि बर्मन, जिला समन्वयक सुशील बर्मन, विकासखंड समन्वयक संतोष झारिया और परामर्शदाता संतोष रजक सहित बड़ी संख्या में परिषद के कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर परिसर में पौधे रोपे और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।