मंडला: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत वार्ड 4 एवं 5 में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित

मंडला। मंडला नगर पालिका परिषद द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 04 एवं 05 के नागरिकों के लिए गाड़ीखाना सामुदायिक भवन में विशेष जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना और पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना था।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मंडला के अध्यक्ष विनोद कछवाहा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी गजानन नाफड़े और नोडल अधिकारी प्रवीण ठाकुर सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जन संवाद के दौरान नागरिकों से कुल 37 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 10 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर दिया गया। शेष 27 आवेदनों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित शाखाओं को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का लक्ष्य प्रशासन को जनता के द्वार तक लाना है ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे और उन्होंने नगर पालिका की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम के माध्यम से वार्ड वासियों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।