मनोरंजन

मंडाला थीम की सजावट और सिंधी संस्कृति के रंगों से सजा सांस्कृतिक सिंधी गरबा मुंबई के कलाकारों की प्रस्तुतियों पर झूमे प्रतिभागी, 20वें वर्ष में गरबा महोत्सव का उत्साह

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 16 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मंडाला थीम की सजावट और सिंधी संस्कृति के रंगों से सजा सांस्कृतिक सिंधी गरबा  मुंबई के कलाकारों की प्रस्तुतियों पर झूमे प्रतिभागी, 20वें वर्ष में गरबा महोत्सव का उत्साह

भोपाल। लालघाटी स्थित सुंदरवन गार्डन में गुरुवार को सांस्कृतिक सिंधी गरबा महोत्सव का शुभारंभ भक्ति, संगीत और उत्साह के माहौल में हुआ। महोत्सव के पहले दिन गरबा स्थल रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा उठा। इस वर्ष पंडाल को मंडाला थीम पर सजाया गया है, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है।

महोत्सव की शुरुआत भगवान श्रीगणेश और मां दुर्गा की आरती तथा प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद गरबी परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसने पूरे परिसर को उत्सवी रंग में रंग दिया।

मुंबई से आए कलाकारों ने गुजराती, सिंधी और गरबा गीतों की प्रस्तुतियां दीं। गीतों की लय पर प्रतिभागियों ने गरबा किया और उत्सव का आनंद लिया। पूरे परिसर में भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल दिखाई दिया। प्रतिभागी पारंपरिक परिधानों और आकर्षक वेशभूषा में पहुंचे। किसी ने मां दुर्गा की भक्ति में मुकुट धारण किया, तो कोई भगवान झूलेलाल और संत-महात्माओं के स्वरूप में नजर आया। इन प्रस्तुतियों ने सिंधी संस्कृति और धार्मिक आस्था की झलक पेश की।

20वें वर्ष में भी बरकरार उत्साह

सिंधी समिति के अध्यक्ष मनीष दरयानी और महासचिव नरेश तलरेजा ने बताया कि सांस्कृतिक सिंधी गरबा अपने 20वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल गरबा नृत्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मां दुर्गा की आराधना, सामाजिक मेलजोल और सिंधी संस्कृति से जुड़ाव का भी माध्यम है। गुजराती और सिंधी गीतों की धुनों पर थिरकते कदम महोत्सव के उत्साह को और बढ़ाते हैं।

जूनियर अमिताभ बच्चन रहे विशेष आकर्षण

गरबा संयोजक राम आसुदानी ने बताया कि प्रतिभागियों के मनोरंजन के लिए जूनियर अमिताभ बच्चन को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए लोगों में उत्साह दिखाई दिया। प्रतिभागियों ने इन यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।

महोत्सव के पहले दिन की रंगारंग प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को खास बना दिया। धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और सामूहिक उल्लास के संगम के रूप में सांस्कृतिक सिंधी गरबा शहर के उत्सवों में अपनी अलग पहचान प्रस्तुत कर रहा है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।