मंगूभाई पटेल से मिले समाजसेवी डॉ. अनिल काशी मुरारका, दिव्यांग बच्चों संग बांटीं खुशियां
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। मुंबई की प्रमुख औद्योगिक संस्था मिराकेम इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक एवं जाने-माने समाजसेवी डॉ. अनिल काशी मुरारका ने अपने भोपाल प्रवास के दौरान लोक भवन में मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल से सौजन्य भेंट की।
इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ चित्रकार राज सैनी द्वारा निर्मित राष्ट्रकवि रवींद्रनाथ टैगोर एवं साहित्यकार बंकिम चंद्र चटर्जी के आकर्षक चित्र राज्यपाल को भेंट किए गए। साथ ही शाल, श्रीफल एवं भगवान श्री गणेश की प्रतिमा भी भेंट स्वरूप अर्पित की गई। इस दौरान विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी विषयों पर भी चर्चा हुई।
राज्यपाल से मुलाकात के पश्चात डॉ. मुरारका ने सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए उमंग गौरवदीप वेलफेयर सोसायटी का दौरा किया। संस्था की प्रबंध निदेशक दीप्ति पटवा एवं प्राचार्य अजय शर्मा की उपस्थिति में उन्होंने दिव्यांग बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताकर उनका उत्साहवर्धन किया।
डॉ. मुरारका ने बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा, प्रशिक्षण और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने संस्था द्वारा दिव्यांगजनों के हित में किए जा रहे कार्यों को अनुकरणीय और समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
बच्चों के साथ समय बिताने के दौरान डॉ. मुरारका ने उनसे आत्मीय संवाद किया और उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया। उनके साथ बिताए इस आत्मीय पल से बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।