मणिमहेश यात्रा के दौरान भी भरमौर व चम्बा में श्रद्धालुओं को एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी: कर्ण
अगस्त 24, चंबा (हिमाचल प्रदेश): लोगों को स्वास्थ्य वर्धक वस्तुएँ उपलब्ध करवाने व समय पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली सुनिश्चित करवाने के लिए जिला चम्बा खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग निरंतर प्रयासरत है। वहीं लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।
इसी कड़ी में जनवरी 2026 से जुलाई तक जिला चम्बा में विभिन्न निरिक्षण कर विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने पर करीब एक लाख रुपए की पेनल्टी लगाई है जबकि एक सैंपल फेल हुआ है जिस पर कार्रवाई की गई है।
खाद्य एवं आपूर्ति मामले विभाग के जिला नियंत्रक कर्ण ने बताया कि चंबा की आबादी 5 लाख 40 हजार के करीब है जबकि जिला में 1 लाख 39 हजार 4 राशन कार्ड धारक हैं। इसके अलावा जिला में 9 गैस एजेंसी हैं जिसमें इस अवधि में 2 लाख 53 हजार की एलपीजी की बिक्री की गई है।
उन्होंने कहा कि जिला में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और समय पर उपभोगताओं को आपूर्ति की जा रही है। कर्ण के अनुसार मणिमहेश यात्रा के दौरान भी भरमौर व चम्बा में श्रद्धालुओं को एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
उनके अनुसार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने सहित उपभोक्ताओं को सरकारी योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
वहीं ये भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि उचित मूल्य की दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता बनी रहे और उपभोक्ताओं को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।