देश

मणिमहेश यात्रा के लिए प्रतिदिन 5 हजार श्रद्धालुओं का ही किया जाएगा पंजीकरण

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 17, चंबा (हिमाचल प्रदेश): श्री कृष्ण जन्माष्टमी से राधाअष्टमी तक चलने वाली चम्बा जिला की विश्व विख्यात मणिमहेश यात्रा का आगाज 4 सितम्बर से होने जा रहा है। 15 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा का समापन 19 सितम्बर को होगा। हालांकि यात्रा पर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला काफी समय से जारी है और 19 सितम्बर के बाद भी श्रद्धालु यात्रा पर आते हैं लेकिन प्रशासन ने यात्रा के आधिकारिक समय को 15 दिनों का तय किया है जिस दौरान यात्रा ट्रैक पर अस्थायी आवास, लंगर, मेडिकल कैंप, घोड़े खच्चर की सुविधाओं सहित हेली टैक्सी सेवा भी श्रद्धालुओं को मिल पाती है।इस वर्ष हेली टैक्सी सेवा की बुकिंग 25 अगस्त से शुरू हो जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत इस वर्ष पंजीकरण भी अनिवार्य किया गया है और प्रतिदिन 5 हजार श्रद्धालुओं का ही पंजीकरण किया जाएगा। वहीं मणिमहेश यात्रा के सफल संचालन के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल के अनुसार चम्बा-भरमौर एनएच के खराब पॉइंट दुरुस्त किए जा रहे हैं। वहीं मणिमहेश के पैदल ट्रैक को भी दुरुस्त किया जा रहा है क्यूंकि पिछले वर्ष यात्रा के दौरान भारी बारिश होने से ट्रैक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। यात्रा से पूर्व मार्ग को सही कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि मणिमहेश यात्रा 4 सितम्बर से 19 सितम्बर तक चलेगी जिसके लिए पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। हेली टैक्सी सेवा की बुकिंग 25 अगस्त से शुरू हो जाएगी जिसके लिए टेंडर हो चुका है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। किसी भी आपात समय में श्रद्धालु के लिए हेल्पलाइन नंबर 98166-98166 या टोल फ्री नंबर 1077 भी जारी किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम की एडवाइजरी के अनुरूप ही यात्रा करें ताकि आपकी यात्रा सुरक्षित रहे।

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।