भोपाल

मंत्री श्री सारंग भोपाल जिले के विकसित भारत संकल्प सभा के मुख्य कार्यक्रम में हुए शामिल

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 8 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मंत्री श्री सारंग भोपाल जिले के विकसित भारत संकल्प सभा के मुख्य कार्यक्रम में हुए शामिल

भोपाल विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा, नई दिशा और जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा के माध्यम से देशवासियों से वर्चुअल संवाद किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत देशभर में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया।

प्रदेश में भी विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा विकसित भारत संकल्प सभा (सेवा ज्योति यात्रा) के प्रदेश प्रभारी विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

भोपाल जिले का मुख्य कार्यक्रम रवींद्र भवन में आयोजित किया गया, जिसमें उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय सहित जिले के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के उद्बोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना।

इस अवसर पर मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को और अधिक मजबूत करने का अवसर है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल सरकार का लक्ष्य नहीं बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के संकल्प, सहभागिता और सामूहिक प्रयास का परिणाम होगा। सेवा ज्योति यात्रा इसी भावना का प्रतीक है, जिसके माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक बूथ से जनता के साथ संवाद करते हुए सेवा ज्योति यात्रा के रूप में जिला केंद्रों की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने सेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

उन्होंने बताया कि भोपाल जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न बूथों से सेवा ज्योति यात्राएं प्रारंभ हुईं। इन यात्राओं में कार्यकर्ताओं के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने सहभागिता की। विभिन्न क्षेत्रों से निकलकर सेवा ज्योति यात्राएं रवींद्र भवन स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं, जहां सभी यात्राओं का समागम हुआ।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।