देश

मंत्रिमंडल ने एकीकृत परिवहन और लॉजिस्टिक्स प्राधिकरण के गठन को दी मंजूरी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मंत्रिमंडल ने एकीकृत परिवहन और लॉजिस्टिक्स प्राधिकरण के गठन को दी मंजूरी

रायपुर, 6 अक्टूबर 2026

मंत्रिमंडल ने एकीकृत परिवहन और लॉजिस्टिक्स प्राधिकरण के गठन को मंजूरी दी है। नई दिल्ली में आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इससे परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में अनुसंधान, योजना, मूल्यांकन, निगरानी और प्रभाव आकलन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह देश में एकीकृत परिवहन और लॉजिस्टिक्स योजना के लिए शीर्ष संस्था के रूप में काम करेगा।

श्री वैष्णव ने कहा कि देश की सकल घरेलू उत्‍पाद करीब सात से आठ प्रतिशत की दर से बढ़ रही है और इसके साथ लॉजिस्टिक्स की मांग भी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए देशभर में कई राजमार्ग, रेलवे लाइन, जलमार्ग, हवाई अड्डे और नए बंदरगाह विकसित किए जा रहे हैं।

एकीकृत परिवहन और लॉजिस्टिक्स प्राधिकरण दस वर्ष की अवधि को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक राष्ट्रीय परिवहन मास्टर प्लान तैयार करेगा।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने छोटे और मझोले उद्यमों में इक्विटी निवेश के लिए दस हजार करोड़ रुपये के स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज ग्रोथ फंड की स्थापना को भी मंजूरी दी है।

श्री वैष्णव ने कहा कि यह फंड ऐसे छोटे और मझोले उद्यमों को लंबे समय के लिए इक्विटी पूंजी उपलब्ध कराएगा, जिनका कारोबार मजबूत है और जिनमें आगे विस्तार करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि फंड का अधिकांश हिस्सा विनिर्माण क्षेत्र से जुड़े छोटे और मझोले उद्यमों में लगाया जाएगा। यह फंड सेवा, प्रौद्योगिकी, नवाचार आधारित क्षेत्रों और रणनीतिक मूल्य श्रृंखला से जुड़े उद्यमों को भी सहयोग देगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।