'मारकर पुल से नीचे फेंक देंगे...':बेगूसराय में अतिक्रमण हटाने गए CO पर जानलेवा हमला, महिला समेत 7 नामजद पर FIR दर्ज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →बेगूसराय जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बेखौफ अतिक्रमणकारियों ने कानून की धज्जियां उड़ाते हुए ऑन-ड्यूटी सरकारी अधिकारी पर जानलेवा हमला कर दिया। भगवानपुर के अंचल अधिकारी (CO) रानू कुमार पर उस समय लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए गए। घटना तब हुई जब अंचल अधिकारी सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंचे थे।
अतिक्रमणकारियों ने न सिर्फ अधिकारी की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उन्हें जान से मारकर पुल के नीचे फेंकने की सीधी धमकी भी दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। 'खाली करा के दिखाओ' पहले दी धमकी, फिर चारों तरफ से हमला घटना 8 सितंबर की शाम करीब 5:00 बजे की है। अंचल अधिकारी रानू कुमार टीम के साथ बनवारीपुर पंचायत भवन के समीप लखनपुर पुल के पास पहुंचे थे।
वहां सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कटरा-गुमटी बनाकर कब्जा किया गया था। CO ने कब्जाधारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए जगह तुरंत खाली करने को कहा। इसी दौरान एक स्थानीय दुकानदार अपने साथियों के साथ आपा खो बैठा और अधिकारी से बदसलूकी करने लगा। आरोपी ने CO के सामने आकर सीधे ललकारते हुए कहा की खाली करा के दिखाओ तुमको यहीं पर जान से मारकर पुल के नीचे फेंक देंगे।
जब CO ने कानून का हवाला देते हुए सरकारी काम में बाधा न डालने की हिदायत दी, तो स्थिति और उग्र हो गई। दुकानदार ने अपनी दुकान से लोहे की रॉड निकाल लाया। उसके साथ 2-3 अन्य पुरुष और पास खड़ी 2 महिलाएं भी आ गईं। सभी ने मिलकर CO रानू कुमार को चारों तरफ से घेर लिया। दुकानदार ने लोहे की रॉड से सीधे CO के सिर पर वार किया, जिससे उनके सिर और दाहिने कंधे पर गंभीर चोट आई।
इसी बीच एक महिला ने हाथ में ली लाठी से CO के सिर पर मारा, जिससे उनका सिर सूज गया। आरोप है कि बाकी अन्य आरोपियों ने अधिकारी को घेरकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद अंचल गार्ड और स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह CO की जान बचाई। घटना के बाद पहुंची पुलिस की मौजूदगी में सरकारी जमीन को खाली कराया गया और घायल CO को इलाज के लिए तुरंत भगवानपुर PHC ले जाया गया।
पुलिस ने पीड़ित अधिकारी के लिखित आवेदन पर बनवारीपुर के रहने वाले रोशन पासवान, सुंदर पासवान, शंकर पासवान, रोहित पासवान, रिशु पासवान, रंजु देवी एवं हजारी देवी सहित 2 से 3 पर मामला दर्ज किया गया है। भगवानपुर थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि BNS की धारा- 126(2), 115(2), 118(2), 132, 109(1), 352, 351(3), 3(5) एवं SC/ST एक्ट की धारा में मामला दर्ज किया गया है।
सरकारी काम में बाधा डालने और ड्यूटी पर तैनात अधिकारी पर जानलेवा हमला करने वाले सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io
🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत
कानून के प्रति सम्मान और सहिष्णुता ही समाज की नींव है। जब अतिक्रमण जैसी समस्याएँ उत्पन्न हों, तो शांतिपूर्ण संवाद, कानूनी मार्ग और सार्वजनिक जागरूकता से समाधान खोजें। हिंसा केवल अधिक अराजकता पैदा करती है, जिससे न केवल अपराधी बल्कि निर्दोष भी प्रभावित होते हैं। हमें एकजुट होकर न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करना चाहिए, ताकि हर नागरिक सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे।