अपराध

मारपीट के बाद जहर पिलाने से युवती की मौत:सीतापुर में प्रेमी ने खुद भी खाया था जहर, पुलिस निगरानी में युवक का चल रहा इलाज

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 19 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मारपीट के बाद जहर पिलाने से युवती की मौत:सीतापुर में प्रेमी ने खुद भी खाया था जहर, पुलिस निगरानी में युवक का चल रहा इलाज

सीतापुर के सकरन थाना क्षेत्र में कथित प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती 19 वर्षीय युवती की मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उपचार के दौरान मौत हो गई। युवती ने आरोप लगाया था कि विवाद के दौरान युवक ने उसके साथ मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपित युवक ने भी घटना के कुछ देर बाद जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार 17 अगस्त की शाम की है। सीतलपुरवा गांव निवासी ज्योति लखनऊ में काम करती थी। सोमवार को वह बस से अपने गांव लौट रही थी। इसी बस में गांव का ही 21 वर्षीय अनूप पुत्र रमाकांत भी लखनऊ से सवार होकर आया था। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच बातचीत होती थी। नहर किनारे विवाद के बाद बिगड़ी हालत बताया गया कि दोनों महाराजनगर स्थित नहर पुल के पास बस से उतर गए। इसके बाद नहर किनारे करीब एक किलोमीटर दूर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। युवती ने आरोप लगाया था कि कहासुनी के दौरान अनूप ने उसके साथ मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर, इलाज के दौरान मौत युवती की हालत बिगड़ने पर स्थानीय लोगों की सूचना से पुलिस मौके पर पहुंची। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया। यहां मंगलवार दोपहर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक ने भी जहरीला पदार्थ खाया इधर, युवती को छोड़कर कुछ दूर जाने के बाद अनूप ने भी कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण पुलिस के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, दोनों पक्षों के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही युवती को जहर दिए जाने की परिस्थितियां और विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।