मशोबरा स्कूल ने लगातार दूसरी बार जीती जिला स्तरीय अंडर-19 कबड्डी प्रतियोगिता

अगस्त 19, शिमला (हिमाचल प्रदेश): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्रिएटिव फाउंडेशन द्वारा एसपीएम स्कूल संजौली में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 कबड्डी प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मशोबरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
यह प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित की जाती है, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों की टीमें हिस्सा लेती हैं। प्रतियोगिता का पारितोषिक वितरण समारोह गेयटी थिएटर, शिमला में आयोजित किया गया। समारोह में नगर निगम शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य बनवारी लाल केशव ने विजेता खिलाड़ियों का स्वागत एवं सम्मान करते हुए उन्हें शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस सफलता से विद्यालय परिवार गौरवान्वित है और खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
विद्यालय के डीपी मोहन लाल शर्मा तथा टीम कोच नंद लाल शर्मा ने भी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, एसएमसी अध्यक्ष उमाशंकर वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों और पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
कैप्शन: जिला स्तरीय अंडर-19 कबड्डी विजेता टीम स्टाफ के साथ