मॉस्को में जयशंकर-पुतिन की मुलाकात, कई मुद्दों पर हुई चर्चा

अगस्त 25, नई दिल्ली: विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर रूस की यात्रा पर हैं। मॉस्को में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। डॉक्टर एस जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रपति पुतिन को शुभकामनाएं दीं और उनका निजी संदेश भी सौंपा।
मुलाकात में दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, उर्वरक, परमाणु सहयोग और आर्थिक रिश्तों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने कहा कि भारत-रूस आर्थिक सहयोग में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी की आगामी SCO और BRICS शिखर बैठकों में राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात और भारत में BRICS सम्मेलन के दौरान उनके स्वागत की भी बात कही।इसके साथ ही विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव ने भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की 27वीं बैठक की सह-अध्यक्षता की।
एस. जयशंकर ने बताया कि बैठक व्यापार, निवेश, ऊर्जा, उर्वरक, परमाणु, कनेक्टिविटी, तकनीक, अंतरिक्ष और मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में हमारे व्यापक सहयोग पर केंद्रित रही। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने IRIGC की बैठक में तीन अहम प्रस्ताव रखे।
जयशंकर ने कहा कि अब सहयोग का फोकस सिर्फ बातचीत पर नहीं, बल्कि ठोस परिणाम और समयबद्ध क्रियान्वयन पर होना चाहिए। उन्होंने दोनों देशों के कारोबार और उद्योग जगत की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि निवेश, व्यापार और तकनीकी सहयोग में आने वाली व्यावहारिक अड़चनों को दूर किया जा सके।
इसके साथ ही बदलते वैश्विक हालात के बीच नए आर्थिक और तकनीकी अवसर तलाशने की जरूरत बताई। जयशंकर ने कहा कि भारत और रूस के बीच मौजूद आर्थिक संभावनाओं का अभी पूरी तरह इस्तेमाल नहीं हुआ है और IRIGC के जरिए इस क्षमता को आगे बढ़ाया जाएगा। फोटो: X/DrSJaishankar