मतदाता जागरूकता नारों से गूंजा समदड़ी, रैली में जुटीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बालोतरा के समदड़ी में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने नारों के जरिए लोगों को बिना दबाव और प्रलोभन के मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
बालोतरा, 7 सितम्बर। नगर पालिका चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत समदड़ी में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह खंगारोत के निर्देश पर आयोजित रैली में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली नगर के मुख्य मार्गों और बाजार से होते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंची। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने मतदाता जागरूकता से जुड़े नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया और अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया।
स्वीप प्रभारी सवाई सिंह राजपुरोहित ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का मतदान करना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करें।
रैली के दौरान लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर स्वीप प्रभारी सवाई सिंह राजपुरोहित, सह प्रभारी शंकरलाल गर्ग, रामलाल सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।