राज्य

माउंट केदार डोम पर शाहजहांपुर के सुनील ने फहराया तिरंगा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
माउंट केदार डोम पर शाहजहांपुर के सुनील ने फहराया तिरंगा

शाहजहांपुर में जिले के वीर सपूत और भारतीय सेना की 27 राजपूत रेजिमेंट में तैनात हवलदार सुनील कुमार ने उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय में स्थित 6,831 मीटर ऊंचे माउंट केदार डोम का सफल आरोहण कर उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से जिले में खुशी का माहौल है और लोगों ने इसे शाहजहांपुर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।माउंट केदार डोम गंगोत्री पर्वत श्रृंखला में स्थित चुनौतीपूर्ण चोटियों में शामिल है।

अभियान के दौरान टीम को बर्फीली दरारों, खड़ी ढलानों, मोरेन, चट्टानों के गिरने के खतरे और कठिन मौसम का सामना करना पड़ा। करीब सात हजार मीटर की ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी, अत्यधिक ठंड, तेज हवाओं और लगातार बदलते मौसम के बीच हवलदार सुनील कुमार ने साहस, अनुशासन और टीम भावना के साथ शिखर तक पहुंचने में सफलता हासिल की।हवलदार सुनील कुमार को पर्वतारोहण का अनुभव भी है।

इससे पहले वह लद्दाख की ऊंची पर्वत चोटियों और अरुणाचल प्रदेश के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में अभियानों में हिस्सा ले चुके हैं। उनके अनुभव, प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प ने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उनकी उपलब्धि को भारतीय सेना के साहस, अनुशासन और प्रशिक्षण का उदाहरण बताया जा रहा है।

जिले के लोगों का कहना है कि सुनील कुमार की सफलता युवाओं को पर्वतारोहण, साहसिक गतिविधियों और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।