राज्य

मेजर ध्यानचंद की याद में हॉकी प्रतियोगिता में स्टेडियम बना विजेता

लेखक: AIR Lucknow अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मेजर ध्यानचंद की याद में हॉकी प्रतियोगिता में स्टेडियम बना विजेता

सुल्तानपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय के तत्वावधान में पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 बालक हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें स्टेडियम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह एवं विशिष्ट अतिथि निसार अहमद राजा ने किया। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों को हॉकी वितरित की।

एमएलसी ने खिलाड़ियों को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के आदर्शों पर चलने की सीख देते हुए राष्ट्रीय खेल हॉकी को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सोनकर की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यामंदिर एमजीएस, एमएसवी, स्टेडियम, जूनियर नरायनपुर, लिटिल एंजिल सहित कुल 10 टीमों ने प्रतिभाग किया।दिनभर चले मुकाबलों में पहला सेमीफाइनल एमएसवी और एमजीएस के बीच हुआ, जिसमें एमएसवी ने 3-0 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

दूसरे सेमीफाइनल में जूनियर नरायनपुर और स्टेडियम आमने-सामने रहे। रोमांचक मुकाबले में स्टेडियम ने 2-1 से जीत हासिल की।फाइनल मुकाबला एमएसवी और स्टेडियम के बीच खेला गया, जिसमें स्टेडियम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-1 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

एमएसवी की ओर से वीरू निषाद, आशु तिवारी और हसनैन ने तथा स्टेडियम की ओर से अंश चौरसिया, दिव्यांश सिंह और अभय ने शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा उपाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह, रामेन्द्र सिंह राणा और आशीष सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल शपथ ली। साथ ही पासबाल खेल का भी आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका इरशाद खान, दानिश, साहिल, शाहरुख, गजेंद्र और प्रभाकर ने निभाई।

इस अवसर पर एडवोकेट शुभम दुबे, हॉकी सुल्तानपुर के सचिव तारिक वसीम, डॉ. पंकज तिवारी, अभिजीत प्रताप सिंह, खेल प्रवक्ता राजेश कन्नौजिया, मुनेंद्र मिश्र, सुरेश यादव, प्रदीप मौर्य, जेपी यादव, मो. इलियास, स्टेडियम कोच प्रवीण मिश्रा, प्रदीप यादव, आनंद श्रीवास्तव, चंचल भट्टाचार्य, आशुतोष गुप्ता, राम नरेश, फायजा सहित प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।

A
AIR Lucknow

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।