व्यापार

मेरठ में सोशल मीडिया पर एयर शो का क्रेज:सूर्यकिरण के करतबों की तारीफ, व्यवस्थाओं पर भी लोगों ने दिए रिएक्शन

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 20 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
मेरठ में सोशल मीडिया पर एयर शो का क्रेज:सूर्यकिरण के करतबों की तारीफ, व्यवस्थाओं पर भी लोगों ने दिए रिएक्शन

मेरठ में शनिवार को हुए एयर शो के बाद सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। लोगों ने शो के अलग-अलग पलों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया और फिर उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया। कई वीडियो में सूर्यकिरण टीम के विमानों को अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ते हुए दिखाया गया।

आसमान में विमानों की एक साथ उड़ान और तिरंगे के फॉर्मेशन को देखकर दर्शकों में उत्साह दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर भी इन वीडियो पर लोगों के रिएक्शन देखने को मिले। कई लोगों ने सूर्यकिरण टीम के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि मेरठ के लिए यह खास मौका है। पहली बार शहर में एयर शो देखने को मिला, इसलिए लोगों में इसे लेकर खास उत्साह है।

जिन लोगों ने शो को मौके पर जाकर देखा, उन्होंने अपने अनुभव के वीडियो भी बनाए। वहीं जो लोग किसी कारण से शो नहीं देख पाए, वे सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो के जरिए इसका आनंद लेते नजर आए। हालांकि सोशल मीडिया पर सिर्फ तारीफ ही नहीं, बल्कि शो से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर भी लोगों ने अपनी राय रखी।

कुछ लोगों ने पार्किंग व्यवस्था का जिक्र करते हुए आने वाले दर्शकों को पहले से पार्किंग को लेकर तैयारी रखने की सलाह दी। वहीं कई लोगों ने गर्मी और तेज धूप को देखते हुए छाता, पानी और धूप से बचाव का सामान साथ लाने की सलाह दी। कुछ यूजर्स ने तो धूप और गर्मी को लेकर मजाकिया अंदाज में वीडियो भी बनाए।

इन वीडियो में एयर शो देखने के उत्साह के साथ-साथ गर्मी से बचने के उपायों पर भी बात की गई। यानी सोशल मीडिया पर एयर शो से जुड़े कंटेंट में जहां एक तरफ सूर्यकिरण के करतबों की तारीफ है, वहीं दूसरी तरफ दर्शकों के लिए जरूरी जानकारी और सलाह भी शेयर की जा रही है। रविवार के शो को लेकर भी एक्साइटमेंट शनिवार के बाद अब रविवार को होने वाले एयर शो को लेकर भी सोशल मीडिया पर उत्साह दिखाई दे रहा है।

कई लोग ऐसे वीडियो बना रहे हैं, जिनमें रविवार को शो देखने आने वाले लोगों को पहले से तैयारी करके आने की सलाह दी जा रही है। लोगों से कहा जा रहा है कि तेज धूप को देखते हुए छाता, पानी और धूप से बचाव की जरूरी चीजें साथ रखें। समय से पहुंचने और पार्किंग को लेकर भी लोग अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आ रहे इन वीडियो और रिएक्शन से साफ है कि एयर शो सिर्फ ग्राउंड पर मौजूद दर्शकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका क्रेज सोशल मीडिया पर भी दिखाई दे रहा है। जो लोग शो देख चुके हैं, वे अपने अनुभव और वीडियो शेयर कर रहे हैं, जबकि रविवार का शो देखने वाले लोग पहले से ही इसे लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।

सीएम योगी ने पोस्ट शेयर कर दी बधाई एयर शो के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से कार्यक्रम की पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मेरठ में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम का पहली बार एयर शो हुआ। उन्होंने 9 हॉक विमानों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि विमानों ने आसमान को तिरंगे के रंगों से रंग दिया और सटीकता व साहस का प्रदर्शन किया।

सीएम योगी ने इसे ‘हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का पल’ बताया और पोस्ट के अंत में ‘जय हिंद’ लिखा।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।