मेट्रो निर्माण के कारण आज से बदला ट्रैफिक रूट:चिड़ियाघर गेट-1 से इनकम टैक्स नहीं जाएंगी गाड़ियां, पुनईचक बाजार रोड से अटल पथ जाएंगे ऑटो-ई रिक्शा
पटना में मेट्रो निर्माण के कारण बेली रोड पर बढ़ रहे ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए बड़ा बदलाव किया गया है। आज से चिड़ियाघर गेट नंबर-1 से इनकम टैक्स गोलंबर तक व्यावसायिक वाहनों के परिचालन को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।
पुनाईचक के पास बढ़ते दबाव को देखते हुए ऑटो और ई-रिक्शा अब विश्वेश्वरैया भवन के पीछे वाली सड़क से गुजरेंगे। यह रूट पुनाईचक रोड होते हुए अटल पथ और फिर महेश नगर अंडरपास के रास्ते बोरिंग कैनाल रोड की ओर जाएगा। राजवंशी नगर हनुमान मंदिर के पास सबसे ज्यादा दबाव बेली रोड पर फिलहाल तीन जगहों पर मेट्रो का काम चल रहा है।
इसमें राजवंशी नगर हनुमान मंदिर के पास स्थिति सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण है। यहां सुबह 9 से 11 और शाम 5 से रात 8 बजे तक भारी जाम रहता है। यातायात पुलिस के मुताबिक, ऑटो, ई-रिक्शा और सिटी बसों के कारण चिड़ियाघर, हनुमान मंदिर, विकास भवन और नियोजन भवन के आसपास लगातार दबाव बना रहता है। नए प्लान से यहां के लोगों को राहत मिलेगी।
बुद्ध मार्ग पर भी जाम से परेशानी बुद्ध मार्ग पर भी ट्रैफिक की समस्या बनी हुई है। जीपीओ गोलंबर से कोतवाली थाना के बीच व्यावसायिक वाहनों की संख्या अधिक होने से सड़क पर दबाव बढ़ रहा है। मल्टी मॉडल हब से शहर और जिले के अलग-अलग हिस्सों के लिए बसों का परिचालन शुरू होने के बाद यहां यातायात का दबाव और बढ़ गया है।
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस की ओर से बुद्ध मार्ग समेत प्रमुख सड़कों पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कई जगह नो-पार्किंग के बोर्ड लगाए गए हैं और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।
हालांकि, वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण जाम की समस्या अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
📡 स्रोत: NewsData.io