मिनी नंदिनी योजना के छह लाभार्थी चयनित:शामली में ई-लॉटरी से 3 महिला, 3 पुरुष किसान शामिल
शामली में नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना के तहत मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के छह लाभार्थियों का चयन किया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इन लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से हुआ, जिसमें तीन महिला और तीन पुरुष शामिल हैं।
यह प्रक्रिया मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ.
चंद्रभानु कश्यप ने बताया कि उत्तर प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास विभाग ने जनपद शामली को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के तहत छह लाभार्थियों का लक्ष्य आवंटित किया था। इसमें तीन महिला और तीन पुरुष लाभार्थियों का चयन किया जाना था।
शुक्रवार को नंद बाबा दुग्ध मिशन पोर्टल पर पशुपालन निदेशालय एवं दुग्ध विकास विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत रैंडमाइजेशन के बाद ई-लॉटरी आयोजित की गई। कुल 61 पात्र आवेदकों में से लक्ष्य के अनुरूप छह लाभार्थियों का चयन किया गया। इन आवेदकों में 14 महिला और 47 पुरुष शामिल थे।
ई-लॉटरी की यह प्रक्रिया सभी पात्र आवेदकों की उपस्थिति में संपन्न कराई गई, जिससे चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रही। चयनित छह लाभार्थियों के अतिरिक्त, शेष 55 पात्र आवेदकों को प्रतीक्षारत सूची में रखा गया है। मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल ने ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित सभी लाभार्थियों को बधाई दी।
उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाना तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है। उन्होंने लाभार्थियों से योजना का लाभ उठाकर पशुपालन एवं दुग्ध व्यवसाय को बेहतर ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में जिला समन्वयक एवं उप दुग्धशाला विकास अधिकारी सहारनपुर/मेरठ मंडल राम शरण, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सदर डॉ. शिवेंद्र प्रताप सिंह और वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक अशोक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
विभागीय अधिकारियों ने चयनित एवं प्रतीक्षारत सभी आवेदकों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्रदान की।
📡 स्रोत: NewsData.io